Jamshedpur : जुगसलाई में पंछी मोहल्ला स्थित पंछी बागान में एक पेड़ से लटका हुआ युवती का शव मिला है। जिस युवती का शव मिला है। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश की। आसपास के लोगों को बुलाकर युवती को दिखाया। लेकिन, कोई पहचान नहीं सका।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज
बताया जा रहा है कि युवती दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटकी हुई थी। इस घटना को लेकर जुगसलाई में चर्चा का बाजार गर्म है। ज्यादातर लोगों का कहना है कि युवती की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ हो सकेगा कि युवती की मौत कैसे हुई है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
जींस-शर्ट पहने हुए थी युवती
जुगसलाई थाना पुलिस ने बताया कि युवती की उम्र 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। उसने जींस और शर्ट पहन रखी थी। जुगसलाई थाना पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालनी शुरू कर दी है।

