जमशेदपुर: गोलमुरी के न्यू केबुल टाउन में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान एक चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं के बीच हड़कंप मचा दिया। भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने एक महिला के गले से सोने की चेन पार कर दी।
जानकारी के अनुसार, न्यू केबुल टाउन निवासी इंदु सिंह रविवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए महायज्ञ स्थल पहुंची थीं। वह यज्ञशाला की परिक्रमा कर रही थीं, इसी दौरान किसी ने उनके गले से करीब दो तोला सोने की चेन चोरी कर ली। घटना का पता उन्हें तब चला जब उन्होंने अपने गले को खाली पाया। चोरी की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़िता ने तुरंत आयोजन समिति और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। बताया जा रहा है कि महायज्ञ में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण इस तरह की घटना हुई।
इस घटना के बाद आयोजन समिति की सुरक्षा तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे बड़े धार्मिक आयोजनों में सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त सुरक्षा कर्मी और निगरानी की सख्त व्यवस्था होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जा सके।

