Ranchi : झारखंड में उच्च शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया जा रहा है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा अनुशंसित 329 सहायक आचार्यों (असिस्टेंट प्रोफेसर्स) को मई के पहले सप्ताह में नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
यह नियुक्ति पत्र राज्य स्तर पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा वितरित किए जाएंगे। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है और उनकी स्वीकृति के बाद कार्यक्रम की तिथि घोषित की जाएगी।
फिलहाल नियुक्ति पत्र उन्हीं 329 अभ्यर्थियों को दिए जाएंगे, जिनकी अनुशंसा आयोग ने दिसंबर 2025 में की थी। इन सभी उम्मीदवारों की जिला स्तर पर काउंसिलिंग पूरी हो चुकी है और उनके प्रमाणपत्रों का सत्यापन भी सफलतापूर्वक किया जा चुका है।
इसी बीच विभाग को आयोग से लगभग 1000 अन्य अभ्यर्थियों की अनुशंसा भी प्राप्त हुई है। इन उम्मीदवारों के दस्तावेज संबंधित जिलों को भेजे जा रहे हैं, जहां उनकी काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
काउंसिलिंग के बाद योग्य पाए गए अभ्यर्थियों को भी राज्य स्तरीय कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। संभावना है कि इनकी नियुक्ति मई के अंतिम सप्ताह या जून के पहले सप्ताह में की जाएगी।
इस पहल से राज्य के कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर होने के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आने की उम्मीद है।
Read Also: Jharkhand Bureaucracy : नौकरशाही : कुल करनी की धरनी

