Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात हुई है। बारा फ्लैट स्थित क्वार्टर नंबर 262 में रहने वाले टाटा स्टील के कर्मचारी देवदत्ता के घर चोरों ने धावा बोला है। यहां से चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार रात की है, जब देवदत्ता नाइट शिफ्ट में ड्यूटी पर गए हुए थे और घर पूरी तरह बंद था। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे ड्यूटी से लौटने के दौरान पड़ोसी ने उन्हें फोन कर घर का दरवाजा टूटा होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही देवदत्ता घर पहुंचे तो देखा कि चोर दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे थे। घर का सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा था। चोर घर से लाखों रुपये के जेवरात, मोबाइल फोन, गिटार और बांसुरी चोरी कर फरार हो गए।
पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।मामले में सिदगोड़ा थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही चोरों को पकड़ने का दावा कर रही है।

