Jamshedpur : झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों को लेकर एक बार फिर आवाज तेज हो गई है। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने राज्य सरकार पर वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में आंदोलनकारियों ने रैली निकालकर जिला मुख्यालय तक मार्च किया और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारी पारंपरिक हथियारों के साथ नजर आए, जो उनके संघर्ष और पहचान का प्रतीक बताया गया। आंदोलनकारियों का कहना है कि वर्ष 2021 में राज्य सरकार द्वारा जारी संकल्प के तहत सभी चिन्हित आंदोलनकारियों को सम्मान पत्र, प्रमाण पत्र और प्रतीक चिन्ह देने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक इसका क्रियान्वयन नहीं हो सका है।
सरकार की मंशा पर सवाल
मोर्चा का आरोप है कि सरकार की इस लापरवाही से आंदोलनकारियों में गहरी नाराजगी है और सरकार की मंशा पर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि कई आंदोलनकारी बिना सम्मान पाए ही इस दुनिया से चले गए, जो बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।
डीसी पर उपेक्षा का आरोप
आंदोलनकारियों ने जिले के उपायुक्त पर भी उपेक्षा का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मोर्चा ने सरकार से जल्द आदेश जारी कर सभी योग्य आंदोलनकारियों को उनका अधिकार और सम्मान देने की अपील की है, ताकि उनके योगदान को उचित मान्यता मिल सके और राज्य में सकारात्मक संदेश जाए।
Read Also : JamshedpurRamnavami : मानगो में चैत्र छठ और रामनवमी की तैयारी तेज, महापौर ने किया निरीक्षण

