Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको में हुए ट्रिपल मर्डर केस की तफ्तीश जारी है। घटना के पीछे की कहानी परत दर परत खुल रही है। पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार आरोपी रविंद्र सिंह से शाम को भी काफी देर तक पूछताछ की। रविंद्र सिंह ने अब तक घटना को अंजाम देने का कोई कारण नहीं बताया है। वह बस यही कर रहा है ”हम जल्लाद हैं, तीनों को मार डाला” हमारी गलती है। हम कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं बचे।” लेकिन घटना को क्यों अंजाम दिया गया इस बारे में अभी तक आरोपी रविंद्र सिंह ने मुंह नहीं खोला है।
गौरतलब है कि एग्रिको में टाटा स्टील के क्वार्टर में रहने वाले कंपनी के रिटायर कर्मी रविंद्र सिंह ने सोमवार की सुबह लगभग 6:00 बजे अपनी पत्नी सरिता सिंह, गर्भवती बेटी सुप्रिया और बेटे रवि की हत्या कर दी थी।
इस मामले में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर रविंद्र सिंह को हिरासत में ले लिया था। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। हिरासत में लिए जाने के फौरन बाद रविंद्र सिंह से घटना के कारण को लेकर कई सवाल पूछे गए। लेकिन उसने हर सवाल का गोलमोल जवाब दिया। लेकिन हत्या की घटना की जो दास्तान उसने बताई उसने सभी के रोंगटे खड़े कर दिए।
कैसे की पत्नी व बेटे की हत्या
सुबह लगभग 6:00 बजे रविंद्र सिंह की पत्नी सरिता सिंह किचन में पहुंचीं और नाश्ता बनाना शुरू किया। इसी बीच वह बेसिन में बर्तन धोने लगीं। तभी रविंद्र सिंह टांगी लेकर वहां पहुंचा। उसने टांगी से कई वार कर सरिता सिंह को मौत के घाट उतार दिया। सरिता सिंह खून में लथपथ हो कर जमीन पर गिर पड़ीं। उनका सर दरवाजे की तरफ था। जबकि पैर बेसिन की तरफ। सरिता सिंह को मौत के घाट उतारने के बाद रविंद्र सिंह शांत नहीं हुआ। उसकी आंखों में खून उतरा हुआ था। वह अपने बेटे के कमरे में गया। बताते हैं कि उसका बेटा सो रहा था। तभी रविंद्र सिंह ने टांगी से अपने बेटे रवि पर कई वार किया और उसे बेड पर ही मौत की नींद सुला दिया। पुलिस को जब रवि की लाश मिली तो वह दाहिने करवट थी। बताया जा रहा है कि रविंद्र सिंह ने अपने बेटे पर टांगी से पहली बार सर पर वार किया। इसी वार ने रवि का काम तमाम कर दिया था। उसे तड़पने का मौका भी नहीं मिला।
रवि की हत्या के समय टूट गई टांगी, हथौड़े से बेटी को मारा
रवि की हत्या करते समय ही टांगी टूट गई। इसके बाद रविंद्र सिंह ने हथौड़ा उठाया और बेटी के कमरे में गया। बेटी भी बेड पर सो रही थी। रविंद्र सिंह ने बेटी के सर पर हथौड़े से कई वार किया और उसे भी मौत के घाट उतार दिया।
पत्नी की लाश पर भी चलाया एक हथौड़ा
तफ्तीश में पता चला है कि बेटी की हत्या के बाद रविंद्र सिंह फिर अपनी पत्नी के शव के पास आया और हथौड़े से उसके सर पर फिर एक वार किया।
तीनों की हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद रविंद्र सिंह ने घर में मौजूद एक पिलर पर अपना हाथ मारा। इससे पिलर पर खूनी पंजे के निशान बन गए हैं। यही नहीं उसने पिलर पर अपना सिर भी पटका।
पिलर पर हाथ व सिर पटकने के बाद की खुद को जलाने की कोशिश
इसके बाद वह दोबारा किचन में पहुंचा। गैस चूल्हा जलाया और खुद को जलाने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि रविंद्र सिंह ने जब खुद को जलाने की कोशिश की तभी वहां लगा पर्दा भी जल गया। पुलिसकर्मी बताते हैं कि जब वह घर में दाखिल हुए तो गैस जल रही थी। उसे बंद किया गया।
सुबह खुशनुमा था घर का माहौल
रविंद्र सिंह के क्वार्टर के ठीक सामने एक महिला रहती हैं। इस महिला ने पुलिस को बताया की सुबह लगभग 5:45 बजे रविंद्र सिंह की पत्नी सरिता सिंह गेट पर आई थीं। महिला का कहना है कि सरिता सिंह उनको देखकर मुस्कुराईं। इससे लगता है कि घर का माहौल सब कुछ ठीक-ठाक था। अचानक रविंद्र सिंह को क्या हुआ। उस पर कैसा शैतान सवार हुआ कि उसने इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस घटना के कारण को तलाशने में जुटी हुई है।
दिल्ली वाली बेटी के आवेदन पर दर्ज होगी FIR
रविंद्र सिंह के कुल 4 संतान थीं। इनमें से एक बेटी और एक बेटे की उसने हत्या कर दी। अभी एक बेटी और एक बेटा है। दिल्ली वाली बेटी सोमवार को शाम लगभग 7:00 बजे जमशेदपुर पहुंचीं। वह सीधे थाने पहुंचीं हैं। यहां उनसे आवेदन लिखवा कर मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
मंगलवार को होगा शवों का पोस्टमार्टम
तीनों शवों का पोस्टमार्टम अब मंगलवार को होगा। सोमवार की शाम 4:00 बजे के बाद पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर इनका पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शाम को पोस्टमार्टम हाउस बंद हो जाता है। इसलिए अब परिजनों की मौजूदगी में मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पड़ोसी पहुंचे तो रविंदर बोला था जाओ तीनों को मार डाला
रविंद्र सिंह की दिल्ली वाली बेटी का फोन आया तो पड़ोसी रविंदर को सूचना देने पहुंचे थे। पड़ोसियों ने बताया कि रविंद्र जब बाहर आया तो उसके कपड़े खून में सने हुए थे। हाथों में खून लगा हुआ था। रविंद्र पड़ोसी को देखकर बोला कि जाओ तीनों को मार डाला।
पुलिस ने रविंद्र सिंह का मोबाइल उनकी पत्नी का मोबाइल और उनकी बेटी व बेटे के मोबाइल भी जब्त कर लिए हैं। सभी मोबाइल बंद हैं। रविंद्र सिंह ने इन सभी मोबाइल के पासवर्ड भी पुलिस को नहीं बताए हैं। अपने मोबाइल का भी पासवर्ड नहीं बताया। पुलिस इन सभी मोबाइलों को तकनीकी सेल में भेजेगी। जहां इन्हें खोल कर कॉल डिटेल्स निकाले जाएंगे। तब शायद घटना के कारण का राज फाश होगा।

