Jamtara : जामताड़ा जिले में एक ऐसा अपराधी पकड़ाया है, जिसे हर वारदात पर गर्व होता था। पुलिस की प्रेस कांफ्रेंस में भी विक्ट्री साइन बनाता था। अपराध करना उसका शौक बन चुका था। हर अपराध के बाद वह जश्न मनाता था और अपने फेसबुक वाल पर स्टेट्स अपडेट करता था।
हद तो तब हुई, जब 6 मार्च को मिहिजाम के विनय कुमार यादव को गोली मारने की वारदात की उसने एनिवर्सरी मनाई और अपने फेसबुक पोस्ट पर इसे साझा किया। इसी मामले में अपराधी राहुल राज की गवाही भी होनी थी, लेकिन इससे पूर्व ही वह मिहिजाम पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि अपराधी कुछ लोगों के साथ मिहिजाम के हांसीपहाड़ी स्थित पहाड़ी शिव मंदिर के पास घूम रहा है।
पहाड़ की घेराबंदी कर दबोचा
एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी ने एक टीम का गठन कर पहाड़ की घेराबंदी की और मैगजीन लगे एक देसी पिस्टल, एक खाली मैगजीन और 8 कारतूस के साथ अपराधी राहुल राज पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी ने बताया कि 19 वर्षीय राहुल राज पेशेवर अपराधी है। वह एक बार फिर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही मिहिजाम के थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे के नेतृत्व में छापामारी के दौरान दबोच लिया गया।
गत वर्ष भी फायरिंग के बाद हुआ था अरेस्ट
पुलिस के अनुसार गत वर्ष 6 मार्च को मिहिजाम में हुई एक गोलीकांड की वारदात में राहुल राज भी आरोपी था। इस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस की मौजूदगी में उसने विक्ट्री साइन दिखाकर अपनी इस आपराधिक प्रवृत्ति को अपनी उपलब्धि मानकर इसका जश्न मनाया था। उस घटना में उसने अपने कुछ साथियों के साथ विनय यादव पर मिहिजाम स्थित झामुमो ऑफिस के पास गोली चलाई थी।
गोली लगने से विनय यादव की हालत काफी दिनों तक गंभीर बनी रही और वर्तमान में वह चल पाने में भी असमर्थ है। इस मामले में पिछले साल 7 मार्च को मिहिजाम थाने में केस दर्ज किया गया था और इस मामले में उसकी गिरफ्तारी भी हुई थी। लेकिन बाहर निकलने के बाद वह दोबारा आपराधिक घटनाओं में शामिल हो गया।

