खूंटी: जिले के कचहरी परिसर में चोरी की घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये नगद लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि यह घटना उस जगह हुई है, जहां से कुछ ही दूरी पर जिला जेल स्थित है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात चोरों ने कचहरी परिसर में स्थित दुकानों के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने दुकानों में रखे नगद पैसे पर हाथ साफ कर दिया। खास बात यह रही कि चोरों ने किसी भी अन्य सामान को नहीं छुआ, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे सिर्फ पैसे चोरी करने के इरादे से आए थे।
सुबह दुकान खोलने पर घटना का पता चला
पीड़ित दुकानदार सुधीर सिंह ने बताया कि उन्होंने काफी मेहनत से करीब ढाई हजार रुपये जमा किए थे, ताकि बच्चों के लिए स्कूल ड्रेस खरीद सकें। लेकिन चोरी की इस घटना से उनकी पूरी जमा पूंजी चली गई।
वहीं, दूसरे दुकानदार प्रमोद तोपनो ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर कैश काउंटर से करीब साढ़े पांच हजार रुपये गायब थे, जबकि बाकी सामान सुरक्षित था। इसी तरह कुंडू जेरॉक्स नामक दुकान से भी करीब ढाई हजार रुपये चोरी हो गए।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही खूंटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि इतनी संवेदनशील जगह पर चोरी होना चिंता का विषय है।
Read Also- Ramgarh News: रामगढ़ में अवैध बालू ढुलाई पर कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त

