Home » JEE Main 2025 Jharkhand topper : जमशेदपुर के आर्यन मिश्र बने जेईई मेन 2025 में झारखंड टॉपर

JEE Main 2025 Jharkhand topper : जमशेदपुर के आर्यन मिश्र बने जेईई मेन 2025 में झारखंड टॉपर

• बिष्टुपुर डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र ने देशभर में हासिल किया 40वां रैंक, 99.99 परसेंटाइल स्कोर, Tata Steel IBMD विभाग के चीफ हैं पिता एके मिश्र, स्कूल की प्राचार्य प्रज्ञा सिंह ने की उज्जवल भविष्य की कामना

by Anand Mishra
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर के कदमा निवासी और डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर के छात्र आर्यन मिश्र ने जेईई मेन 2025 परीक्षा में झारखंड टॉपर बनकर राज्य को गौरवान्वित किया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा घोषित परिणामों में आर्यन ने 99.99 परसेंटाइल अंक प्राप्त करते हुए अखिल भारतीय रैंक (AIR) 40 हासिल किया है।

मेधावी छात्र हैं आर्यन

आर्यन की सफलता कोई संयोग नहीं है। वे शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रहे हैं। वर्ष 2023 की सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में वे अपने स्कूल के सेकेंड टॉपर रहे थे। आर्यन का कहना है कि उनका अगला लक्ष्य है जेईई एडवांस्ड 2025 में शानदार प्रदर्शन कर आईआईटी से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना है। “फिलहाल मेरा पूरा ध्यान जेईई एडवांस्ड की तैयारी पर है। कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना मेरा सपना है।”

परिवार और शिक्षकों को श्रेय

आर्यन ने इस सफलता के लिए अपने माता-पिता, स्कूल की प्राचार्य प्रज्ञा सिंह और अपने सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि घर का सकारात्मक वातावरण और शिक्षकों की सही मार्गदर्शन ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी रहे। उनके पिता एके मिश्र टाटा स्टील के आईबीएमडी विभाग में चीफ के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता नीतू मिश्र गृहिणी हैं। परिवार ने आर्यन को पढ़ाई के लिए एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम दिया।

आईआईटी है अगला पड़ाव

आर्यन का अगला लक्ष्य है कि वे जेईई एडवांस्ड में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर देश के टॉप आईआईटी संस्थानों में दाखिला लें। उन्होंने बताया कि वे भविष्य को लेकर बहुत ज्यादा सोचने की बजाय फिलहाल अपने लक्ष्य पर ही केंद्रित रहना चाहते हैं।

प्राचार्य ने की सराहना

बिष्टुपुर डीएवी पब्लिक स्कूल की प्राचार्य प्रज्ञा सिंह ने कहा कि आर्यन मिश्र की यह उपलब्धि न केवल जमशेदपुर, बल्कि पूरे झारखंड के लिए प्रेरणास्रोत है। यह सफलता दर्शाती है कि अगर लगन, मेहनत और मार्गदर्शन सही हो, तो कोई भी छात्र राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है।

Related Articles