Home » Jharkhand Assembly Winter Session : झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू, दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि, अध्यक्ष ने कहा- विचारों की विविधता से ही बनता है सदन का “इंद्रधनुष”

Jharkhand Assembly Winter Session : झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू, दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि, अध्यक्ष ने कहा- विचारों की विविधता से ही बनता है सदन का “इंद्रधनुष”

by Anand Mishra
Speaker Ravindranath Mahto
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
  • सत्र के लिए कौन-कौन मनोनीत हुए सभापति, कार्यमंत्रणा समिति में किन्हें मिली जगह-पढ़ें

Ranchi (Jharkhand) : झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुक्रवार से आरंभ हुआ। सत्र के पहले दिन दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी गई। विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो ने कहा कि पिछले सत्र से अब तक देश और राज्य ने राजनीति, कला, उद्योग और समाज सेवा के कई दिग्गजों को खोया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और प्रतिपक्ष नेता बाबूलाल मरांडी ने भी सदन की ओर से दिवंगत आत्माओं को नमन किया।

पहले दिन सत्र के आरंभ में विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड में विकास की अपार संभावनाएं हैं और इन्हें जनहित में रूपांतरित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य और तेजी से आगे बढ़ेगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदन की गरिमा तभी बनी रहती है जब मतभेदों के बावजूद संवाद की पवित्रता बरकरार रखी जाए और लोकतंत्र की असल भावना को उभारा जाए। उन्होंने कहा कि विचारों की विविधता से ही सदन का “इंद्रधनुष” बनता है और सहमति-असहमति की धाराओं से शासन चलता है।

विधायकों से सत्र में अधिकतम भागीदारी की अपील

अध्यक्ष ने विधायकों से अपील की कि वे सत्र में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करें, प्रश्नों को सारगर्भित रखें, बहसों को तथ्यपूर्ण बनाएं और निर्णयों को जनहित के आधार पर परखें। उन्होंने कहा कि यह सदन केवल भवन नहीं, बल्कि जनता की आशाओं का प्रतीक है।

आठ दिसंबर से शुरू होगा प्रश्नकाल, 10 व 11 दिसंबर को राजकीय विधेयक

अध्यक्ष महतो ने बताया कि इस शीतकालीन सत्र में कुल पांच कार्यदिवस निर्धारित हैं। आगामी 8 दिसंबर से प्रश्नकाल शुरू होगा। वित्तीय वर्ष 2025–26 के द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी तथा विनियोग विधेयक प्रस्तुत किए जाएंगे। 10 और 11 दिसंबर को राजकीय विधेयक एवं अन्य सरकारी कार्य लिए जाएंगेए जबकि 11 दिसंबर को गैर-सरकारी सदस्यों के कार्यों के लिए समय तय किया गया है।

झारखंड की रजत जयंती आत्ममंथन व संकल्पों का अवसर : रविंद्रनाथ महतो

झारखंड की रजत जयंती की चर्चा करते हुए रविंद्रनाथ महतो ने कहा कि यह केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्ममंथन, विकास और नए संकल्पों का अवसर है। उन्होंने राज्य की 25 वर्ष की विकास यात्रा को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सशक्तिकरण और आजीविका के क्षेत्र में प्रगति हुई है, परंतु अभी लंबा मार्ग तय करना शेष है। दूरदराज के क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार, युवाओं के लिए बेहतर अवसर, आदिवासी-मूलवासी समुदायों का समावेशी उत्थान और प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग अभी भी राज्य की प्राथमिकताएं हैं।

इन्हें दी गई श्रद्धांजलि

इससे पूर्व शीतकालीन सत्र के आरंभ में सदन में हिंदी सिनेमा के ’ही मैन’ कहे जाने वाले विख्यात एवं लोकप्रिय कलाकार धर्मेद्र, गोड्डा लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व सांसद सलाउद्दीन अंसारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जायसवाल, मेघालय के मुख्यमंत्री रहे डीडी लपांग, बिहार, मेघालय, गोवा एवं जम्मू कश्मीर के पूर्व गर्वनर रहे सत्यपाल मलिक, ओडिशा के वीरमित्रापुर विधानसभा का चार बार प्रतिनिधित्व चुके पूर्व विधायक सह जनजातीय नेता जार्ज तिर्की को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इन सबके अलावा सदन में पद्म भूषण से सम्मानित डॉ. एकनाथ वसंत चिटनिस, झारखंड के प्रसिद्ध उद्योगपति रामचंद्र रूंगटा, हिंदूजा ग्रुप के अध्यक्ष और अशोक लीलैंड के मालिक गोपीचंद हिंदूजा, पूर्व प्रधान महालेखाकार, शिक्षाविद और समाजसेवी बेंजामिन लकड़ा, झारखंड ओलंपिक संघ (JOA) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी बीसी ठाकुर, पंडित छन्नूलाल मिश्र, सदाबहार अदाकारा कामिनी कौशल, दिग्गज हास्य फिल्म अभिनेता गोवर्धन असरानी, अभिनेता पंकज धीर, अभिनेता सतीश शाह, पद्मश्री से सम्मानित पीयूष पांडे, कन्नड़ उपन्यासकार व दार्शनिक एसएल भैरप्पा और चंदनकियारी निवासी सीआरपीएफ जवान शहीद मिलन सिंह राजपूत को श्रद्धांजलि दी गई।

लाल किला के पास विस्फोट में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि

दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए बम धमाके में मारे गए लोगों, मक्का से मदीना जा रही बस दुर्घटना में मारे गए यात्रियों के साथ सियाचिन ग्लेशियर में झारखंड के शहीद जवान, सारंडा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) जवान की मौत, पलामू में पुलिस और उग्रवादियों के बीच हुए मुठभेड़ में दो शहीद जवान, बीसीसीएल के कतरास इलाके में छह मजदूरों की मौत , जम्मू-कश्मीर, उतराखंड तथा हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन, बादल फटने और भारी बारिश से लोगों की मौत, आंध्र प्रदेश के काशीबुग्गा मंदिर में नौ श्रद्धालुओं की मौत के साथ बिहार में छठ पर्व के दौरान जान गंवाने वाले 83 लोगों को भी श्रद्धांजलि दी गई। शोक प्रस्ताव के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 8 दिसंबर की सुबह 11 तक के लिए स्थगित कर दी।

शीतकालीन सत्र के लिए सभापति मनोनित

झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए सभापति मनोनित कर लिया गया। शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष ने सदन में इसकी घोषणा की। स्टीफन मरांडी, सीपी सिंह, निरल पूर्ति, रामचंद्र सिंह और डॉ. नीरा यादव को सभापति मनोनित किया गया है।

कार्यमंत्रणा समिति में इन्हें किया गया शामिल

अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो के साथ सदस्य के रूप में हेमंत सोरेन, राधाकृष्ण किशोर, बाबूलाल मरांडी, प्रदीप यादव, निरल पूर्ति और अरूप चटर्जी को शामिल किया गया है, जबकि आमंत्रित सदस्य के रूप में दीपक बिरूआ, मथुरा महतो, सीपी सिंह, स्टीफन मरांडी, सरयू राय, सुरेश पासवान, नवीन जायसवाल, जर्नादन पासवान, बसंत सोरेन, नीरा यादव, कल्पना सोरेन, निर्मल महतो और जयराम महतो को शामिल किया गया है।

Read Also: Nishikant Dubey : निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर ‘मुस्लिम आरक्षण’ का आरोप लगाया, सरकार से समिति बनाने का आग्रह किया

Related Articles