RANCHI: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू ने सोमवार को हेमंत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा करने गए माता के भक्तों पर पुलिस कर्मियों द्वारा किए गए बर्बर लाठीचार्ज पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिछले 6 सालों से हिंदुओं की आस्था, पर्व त्योहार, पूजा पाठ में पुलिस प्रशासन द्वारा बाधा पहुंचाई जा रही है। विगत वर्ष तो सरहुल पूजा की शोभा यात्रा को भी पुलिस कर्मियों ने नहीं बख्शा था। उन्होंने कहा कि दशहरा, रामनवमी, शिवरात्रि में भी कभी मूर्ति छोटा करने, कभी झंडा छोटा करने, कभी शोभा यात्रा का मार्ग बदलने जैसे राज्य सरकार के निर्णयों ने पुलिस प्रशासन के मनोबल को हिंदू सनातन विरोधी बना दिया है।
उन्होंने कहा कि आखिर रजरप्पा में क्यों निहत्थे श्रद्धालुओं पर लाठियां बरसाई गईं। महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। उन्होंने पूछा कि क्या ये श्रद्धालु कोई आतंकवादी थे, कोई चोर डकैत अपराधी थे? ऐसे लाठियां तो अपराधियों पर ही बरसाई जाती है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि अपराधियों गुंडों, बदमाशों के सामने राज्य पुलिस शरणागत बनी रहती है और आम आदमी को प्रताड़ित करती है। कोयला, बालू, पत्थर की चोरी करने वालों पर लाठियां क्यों नहीं बरसाई जाती। उन्होंने सवाल उठाया कि विगत दिनों मधुपुर में मंदिर का जीर्णोद्घार के दौरान दलितों पर हुए हमले में पुलिस क्यों मूकदर्शक बनी रही। वहां दोषियों पर लाठियां क्यों नहीं बरसाई गई। सरकार का दोहरा चरित्र झारखंड की जनता देख रही।
READ ALSO: RANCHI NAGAR NIGAM: पब्लिक प्लेस में थूकने वालों पर होगी कार्रवाई, नगर निगम ने दी सख्त चेतावनी

