Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड के बामनी टोला स्थित घोषडीह फुटबॉल मैदान में सोमवार की रात असामाजिक तत्वों ने सैकड़ों अंग्रेजी शराब की खाली बोतलें फेंक दीं। मंगलवार सुबह जब खिलाड़ी और स्थानीय लोग मैदान पहुंचे तो बोतलों और कांच के टुकड़ों को देख हड़कंप मच गया। प्रतिदिन अभ्यास और योगाभ्यास के लिए इस्तेमाल होने वाले इस मैदान पर खतरा बढ़ गया, क्योंकि टूटे कांच से खिलाड़ियों के घायल होने की आशंका बनी रही।
ग्रामीण सुशील बेसरा ने बताया कि करीब 12 पेटियां और पांच बोरे शराब की बोतलें मैदान और आसपास की झाड़ियों में फेंकी गई थीं। सूचना मिलने पर पटमदा थाना पुलिस सुबह घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वे खुद कदम उठाने को मजबूर होंगे।
इसी बीच, सुशील बेसरा, समीर टुडू, अरुण चंद्र मुर्मू, बहादुर टुड्डू, सूजन बेसरा और बीरबल मुर्मू ने सामूहिक प्रयास कर दोपहर तक मैदान से बोतलें और कांच के टुकड़े हटाकर खिलाड़ियों के लिए जगह को सुरक्षित बनाया।
Read also Adityapur News : आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड में 2800 किलो मादक पदार्थ नष्ट

