Jamshedpur : जमशेदपुर डीसी सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मीटिंग में मई महीने में हादसों में होने वाली मौत पर चर्चा हुई। बताया गया कि मई महीने में जिले में 29 सड़क हादसे हुए, जिनमें 24 लोगों की मौत और 12 लोग घायल हुए। बैठक में यह भी बताया गया कि मई में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 312 वाहन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया गया और लगभग 22 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस दौरान 3346 नए ड्राइविंग लाइसेंस भी बनाए गए, जिनमें 2842 पुरुष और 504 महिलाएं शामिल हैं।
बैठक में जिले में हो रहे सड़क हादसों पर गंभीर चिंता जताई गई और इन्हें रोकने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई। उपायुक्त ने हिट एंड रन के लंबित 27 मामलों में पीड़ित परिवारों को 90 दिनों के भीतर मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश जिला परिवहन पदाधिकारी एवं सड़क सुरक्षा टीम को दिया। उन्होंने कहा कि मुआवजा प्रक्रिया को पीड़ितों के लिए सरल और समयबद्ध बनाया जाए, ताकि उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़े।
बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देने और सड़क दुर्घटना के घायलों को ‘गोल्डन ऑवर’ में अस्पताल पहुंचाने वाले ‘गुड समारिटन’ को सम्मानित करने की बात पर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि गुड समारिटन को पांच हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाए और यह जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचे ताकि लोग मदद के लिए आगे आएं।
सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा में सामने आया कि हाईवे किनारे वाहन पार्किंग, गलत दिशा में ड्राइविंग और ओवरस्पीडिंग जैसी आदतें प्रमुख कारण हैं। एनएचएआई और पथ निर्माण विभाग को दुर्घटनास्थलों पर चिन्हित कर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। अंधे मोड़ पर मिरर, ब्लिंकर्स, स्लाइडिंग बैरियर, रिफ्लेक्टर और रंबल स्ट्रिप लगाने का निर्देश भी दिया गया ताकि वाहन चालकों की गति नियंत्रित हो सके।
इस मीटिंग में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अनिकेत सचान, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एसडीएम धालभूम शताब्दी मजूमदार, एसडीएम घाटशिला सुनील चंद्र डीटीओ धनंजय, उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, डीएसपी भोला प्रसाद, ट्रैफिक डीएसपी, टाटा स्टील और जुस्को के प्रतिनिधि, बस एसोसिएशन के सदस्य और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Read also Jamshedpur Goat Theft : मुसाबनी में पकड़ी गई कपाली की बकरी चोर महिला, मानगो के तीन युवक फरार

