
Jamshedpur : झारखंड में पैरा योगासन खेलों को बढ़ावा देने और दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में झारखंड पैरा योगासन स्पोर्ट्स प्रमोशन कमेटी ने महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। कमेटी के चेयरमैन सह कॉर्डिनेटर डॉ. रवि शंकर नेवार ने खेल एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े के. प्रभाकर राव को कमेटी का संरक्षक मनोनीत किया है।
के. प्रभाकर राव लंबे समय से खेल और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के ज्वाइंट सेक्रेटरी, पैरा बैडमिंटन ऑफ इंडिया के चेयरमैन, झारखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के सेक्रेटरी और अखिल विश्व गायत्री परिवार, टाटानगर के मैनेजिंग ट्रस्टी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
कमेटी की ओर से बताया गया कि के. प्रभाकर राव के खेल अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और सामाजिक योगदान को देखते हुए उन्हें संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। उनके मार्गदर्शन से झारखंड में पैरा योगासन के विस्तार के साथ दिव्यांग खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
डॉ. रवि शंकर नेवार ने कहा कि के. प्रभाकर राव का खेल और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान रहा है। उनके अनुभव का लाभ पैरा योगासन के विकास, संगठन के विस्तार और दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में मिलेगा।
मनोनयन पर के. प्रभाकर राव ने कमिटी के प्रति आभार जताते हुए पैरा योगासन के विकास और दिव्यांग खिलाड़ियों के हित में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने 11 अक्टूबर 2026 को मिथिला सांस्कृतिक परिषद, गोलमुरी, जमशेदपुर में होने वाली द्वितीय राज्य स्तरीय पैरा योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप की सफलता की शुभकामनाएं दीं। साथ ही खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों से प्रतियोगिता में सहभागिता और सहयोग की अपील की।
के. प्रभाकर राव के मनोनयन पर योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष मनोज तिवारी, मुख्य राज्य सलाहकार विपिन पांडेय, सलाहकार सह पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुधा झा, राज्य सचिव चंदू कुमार, राज्य संयुक्त सचिव मलय कुमार डे, राज्य कोषाध्यक्ष प्रशांत सिंह, अर्जुन शर्मा, ललिता शर्मा, प्रज्ञा पारोमिता और लक्ष्मी साहू ने शुभकामनाएं दीं।
Read also Jamshedpur Crime: काम में लापरवाही के आरोप में बिरसानगर थाना प्रभारी निलंबित

