Home » Potka News : मॉडल युवा ग्राम सभा में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, विधायक संजीव सरदार ने कहा- लक्ष्य तय कर आगे बढ़ें

Potka News : मॉडल युवा ग्राम सभा में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, विधायक संजीव सरदार ने कहा- लक्ष्य तय कर आगे बढ़ें

by Mujtaba Haider Rizvi
potka mla news programme
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पोटका में गुरुवार को मॉडल युवा ग्राम सभा का आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग पूर्वी सिंहभूम, पिरामल फाउंडेशन और पंचायती राज विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक की छात्राओं ने नाटक के माध्यम से ग्राम सभा की कार्यप्रणाली और उसके महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया। छात्राओं ने नाटक के जरिए ग्राम सभा की बैठक, ग्रामीण समस्याओं पर चर्चा, योजनाओं की जानकारी और विकास कार्यों में लोगों की भागीदारी को जीवंत रूप में दिखाया। प्रस्तुति के बाद विधायक ने छात्राओं के आत्मविश्वास और प्रतिभा की सराहना की।

संजीव सरदार ने कहा कि विद्यालय की छात्राओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जिस तरह उन्होंने ग्राम सभा की पूरी प्रक्रिया को नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया, उससे उनकी रचनात्मक क्षमता और आत्मविश्वास दिखाई देता है। उन्होंने इसके लिए विद्यालय की वार्डन और शिक्षिकाओं के प्रयासों की भी सराहना की।

विधायक ने छात्राओं से कहा कि ग्राम सभा गांव के विकास और लोकतांत्रिक भागीदारी की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। छात्राएं इसके बारे में जो जानकारी हासिल कर रही हैं, उसे अपने परिवार और गांव के लोगों तक भी पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में ग्राम सभा की भूमिका अहम होती है।

उन्होंने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हर व्यक्ति के अंदर कोई न कोई प्रतिभा होती है। जरूरत है उसे पहचानने, लगातार निखारने और सही दिशा में आगे बढ़ने की। छात्राएं अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करें।

विद्यालय की वार्डन रुमा हालदार ने बताया कि मॉडल युवा ग्राम सभा का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक भागीदारी और ग्राम स्तर के मुद्दों पर संवाद करने की क्षमता विकसित करना है। इस तरह के कार्यक्रमों से छात्राओं को पंचायती राज व्यवस्था को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि मॉडल युवा ग्राम सभा के माध्यम से छात्राएं गांव की समस्याओं की पहचान, उन पर चर्चा और समाधान की प्रक्रिया को समझती हैं। इससे उनमें जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक भागीदारी की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक डोबो चाकिया ने किया। इस दौरान मुखिया सावित्री हांसदा, ग्राम प्रधान सुरजीत सरदार, पर्यवेक्षक जयश्री बोयपाई, अक्षत रिशु, शंकर हेंब्रम, रामचंद्र मार्डी, वार्डन रुमा हालदार, शिक्षिका ज्योति सागर, वीणा धनवार, मोहन सोरेन समेत विद्यालय की छात्राएं मौजूद रहीं।

Read also Jamshedpur Crime : लौहनगरी में बढ़ते अपराध से पुलिस महकमे में हड़कंप,  जमशेदपुर पहुंचीं DGP तदाशा मिश्रा,  अफसरों से पूछा-कब गिरफ्तार होंगे केनरा बैंक डकैती को अंजाम देने वाले अपराधी 

Related Articles

Leave a Comment