
रांची : झारखंड के चर्चित शराब मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने जांच तथा कार्रवाई और तेज कर दी है। सबूतों और डिजिटल डेटा की पड़ताल के बाद अब ACB ने चार प्रमुख लोगों को पूछताछ के लिए समन भेजा है। एसीबी ने झारखंड स्टेट बेवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के आईटी मैनेजर अमर कुमार मेहता को 7 अगस्त को तलब किया है। अधिकारी उनसे शराब की सप्लाई से जुड़े डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम और सिस्टम लॉग की जानकारी लेंगे। ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ऑनलाइन व्यवस्था में कोई हेरफेर तो नहीं की गई थी।
कंपनियों के अफसरों को दोबारा नोटिस
वहीं पहले जारी नोटिस का जवाब न देने पर तीन कंपनियों के प्रतिनिधियों को फिर से समन भेजा गया है। इनमें फ्लोरेंस हेल्थकेयर और A-to-Z इंफ्रा सर्विसेज से जुड़े जतिन सहाय, विकास अग्रवाल, मनोज तिवारी और अरुण गौर शामिल हैं। इन सभी को 10 अगस्त को जांच टीम के सामने पेश होना होगा। जांच एजेंसी का कहना है कि हाल ही में दर्ज बयानों और मिले इलेक्ट्रॉनिक सबूतों का आपस में मिलान किया जा रहा है, ताकि मामले की हर कड़ी को निष्पक्षता से जोड़ा जा सके।

