Jamshedpur : मानगो में कांग्रेस को राजद का समर्थन मिला है। राष्ट्रीय जनता दल के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष रमेश राय, प्रदेश उपाध्यक्ष मंजू शाह और युवा जिला अध्यक्ष कमलेश यादव ने एक पत्र जारी कर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सुधा गुप्ता को अपना समर्थन दिया है। माना जा रहा है कि राजद के समर्थन के बाद चुनाव मैदान में कांग्रेस की स्थिति मजबूत हुई है। राजद प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर राजद की जमशेदपुर महानगर इकाई ने यह समर्थन दिया है।

यही नहीं राजद की टीम प्रचार-प्रसार में भी कूद गई है। इस मौके पर राष्ट्रीय जनता दल के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष रमेश राय ने बताया कि सुधा गुप्ता इंडिया गठबंधन की उम्मीदवार हैं और अपने उम्मीदवार को मजबूत बनाना राजद की भी जिम्मेदारी है। इसीलिए राजद नगर निगम चुनाव में अपने गठबंधन के प्रत्याशी के लिए तन मन धन से लग गया है।

रमेश राय ने कहा कि सुधा गुप्ता के पति पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के कार्यकाल में मानगो में उनका ड्रीम प्रोजेक्ट फ्लाईओवर बनना शुरू हुआ। यह उन्हीं की देन थी और एमजीएम अस्पताल भी बनवाया गया। उनकी बेहतर कार्य शैली को देखते हुए ही राजद उन्हें अपना समर्थन दे रहा है। कार्यक्रम में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह राजद महानगर अध्यक्ष रमेश राय, प्रदेश उपाध्यक्ष मंजू शाह, युवा राजद जिला अध्यक्ष कमलेश यादव समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
Read also The Photon News Special: मानगो नगर निगम चुनाव में डमी उम्मीदवारी का खेल; Mango Nagar Nigam Election

