Palamu News : झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना अंतर्गत बच्चे के इलाज के बहाने एक महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस घटना में छतरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके बाद पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए क्लिनिक संचालक संजय कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
दुष्कर्म की यह घटना हुटुकदाग गांव की है। महिला का पति काम के सिलसिले से बाहर रहता है। इसके कारण महिला नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में ससुराल में रह रही थी। उसका बच्चा बीमार था। इसके इलाज के लिए वह हुटुकदाग स्थित संजय कुमार के क्लिनिक पहुंची।
आरोप है कि संजय कुमार ने बच्चे को सर्दी का उपचार बताकर भाप देने के बहाने महिला को क्लिनिक से लगे मकान में ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने घटना के बाद उसे धमकी भी दी। इसके बावजूद महिला ने हिम्मत दिखाते हुए छतरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट दर्ज होने के फौरन बाद पुलिस ने छापेमारी कर नौडीहा बाजार के रबदा गांव निवासी आरोपी संजय कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

