गम्हरिया: गम्हरिया स्थित आरडी रबर रिक्लेम कंपनी के हड़ताली मजदूरों से शुक्रवार को सांसद जोबा माझी ने मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
मजदूर बाजल टुडू के साथ हादसे की ली जानकारी
सांसद ने हाल ही में दुर्घटना के शिकार हुए मजदूर बाजल टुडू से मिलकर उनके इलाज और मुआवजे की स्थिति का जायजा लिया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन न इलाज में सहयोग कर रहा है, न ही मुआवजा देने में कोई रुचि दिखा रहा है।
मजदूरी और सेवा शर्तों में घोर अनियमितता
मजदूरों ने बताया कि कंपनी में न्यूनतम मजदूरी नहीं दी जा रही है और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वर्षों से उनके लाभ से वंचित रखा गया है। साथ ही, आर्थिक और शारीरिक शोषण भी आम है।
सांसद ने कंपनी प्रबंधन को दी चेतावनी
जोबा माझी ने कहा, “अबुआ सरकार में किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। यदि मजदूरों को न्याय नहीं मिला तो कंपनी के खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने मौके से ही श्रम अधीक्षक को फोन कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
मजदूरों को मिला भरोसा
सांसद ने आश्वासन दिया कि आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र में यदि किसी कंपनी ने मजदूरों का शोषण किया तो वह चुप नहीं बैठेंगी। उन्होंने मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को हर स्तर पर लड़ने की बात कही।
मौके पर कई नेता और मजदूर रहे मौजूद
इस दौरान पूर्व विधायक अरविंद कुमार उर्फ मलखान सिंह, केपी सोरेन, जगदीश नारायण चौबे, अजय शर्मा, बसंत कुमार, सोखेन हेम्ब्रम समेत बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।

