धनबाद: आइएसएम धनबाद से पढ़े जसवंत सिंह गिल उर्फ कैप्सूल गिल की जीवनी पर बनी फिल्म रानीगंज की रंग धनबाद पर भी खूब नजर आ रहा है। शुक्रवार को रिलीज हुई इस फिल्म को अच्छे खासे दर्शक मिल रहे हैं। फिल्म में धनबाद के कलाकारों ने भी अहम भूमिका निभाई है। गूगल पर इस फिल्म को 92 प्रतिशत लोगों ने पसंद किया है तो वहीं इसकी आइएमडीबी रेटिंग 7.8 है। फिल्म से धनबाद का सीधा जुड़ाव होने के कारण यहां के लोगों का इसके प्रति खूब प्यार उमड़ रहा है।

फिल्म के प्रमोशन को पहुंचे धनबाद में पले-बढ़े असीम मिश्रा:
फिल्म रानीगंज: द ग्रेट भारत रेस्क्यू में डायरेक्टर आफ फोटोग्राफी का दायित्व निभाया है धनबाद में पले-बढ़े सिनेमैटोग्राफर असीम मिश्रा ने। रविवार को वह इस इस फिल्म के प्रमोशन के लिए प्रभातम माल स्थित आइनाक्स सिनेमाघर पहुंचे। उन्होंने कहा कि धनबाद में ही उनका जन्म हुआ। यहीं केंद्रीय विद्यालय से उन्होंने पढ़ाई की। इसलिए धनबाद में इस फिल्म के प्रमोशन के लिए आना उनके अपने घर आने जैसा है। असीम ने बजरंगी भाईजान, एक था टाइगर, वन्स अपान अ टाइम इन मुंबई, पान सिंह तोमर समेत अन्य कई फिल्मों में सिनेमैटोग्राफर की भूमिका अदा की है। बताया कि धनबाद में रविवार की शाम उन्होंने इस शो की स्पेशल स्क्रीनिंग रखवाई।
READ ALSO : ‘संघर्ष 2’ की रिलीज डेट का ऐलान, अगस्त में आयेगी खेसारी की एक्शन से भरपूर फिल्म
कोयला कर्मियों के अंदाज में नजर आ रहे आइनाक्स के स्टाफ:
फिल्म रानीगंज को लेकर आइनाक्स सिनेमाघर के स्टाफ भी कोयला कर्मियों के अंदाज में नजर आ रहे हैं। टिकट चेक करने से लेकर लोगों को कोल्ड ड्रिंक-पापकार्न तक सर्व करने वाले स्टाफ कोयलाकर्मियों की तरह हेलमेट लगाए दिख रहे हैं। आइनाक्स प्रबंधन ने बताया कि यह फिल्म के प्रमोशनल इवेंट का हिस्सा है।

