रांची : झारखंड में फरवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। सुबह में कुहासा तो दिन में धूप के कारण गर्मी। इसके साथ ही बीते एक सप्ताह से राज्य के विभिन्न जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। कहीं सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल रहा है, तो दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है। वहीं, रात और सुबह के समय ठंड का असर अब भी बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी यह बदलाव जारी रहेगा और अगले दो दिनों के बाद एक बार फिर ठंड का असर बढ़ सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र (रांची) की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के अधिकांश जिलों में अगले दो दिनों तक सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि, सूरज निकलने के बाद कोहरा धीरे-धीरे साफ हो जाएगा। दिन के समय मौसम शुष्क रहेगा और धूप की वजह से तापमान सामान्य या थोड़ा ऊपर रह सकता है, जबकि रात के समय ठंड लगेगी।
जानें मोसम विभाग का क्या कहना है
मौसम विभाग का कहना है कि 6 फरवरी के बाद झारखंड के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस तरह के लगातार मौसम परिवर्तन का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है, खासकर बुजुर्ग और बच्चे सतर्क रहें। मंगलवार को देर शाम से ही राजधानी और आसपास के इलाकों में ठंडी हवाओं का असर महसूस किया गया।
राज्य में मौसम शुष्क
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। कुछ स्थानों पर हल्का और मध्यम दर्जे का कोहरा देखा गया। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
Read Also- Jharkhand Weather Update Today : झारखंड में बदला-बदला मौसम, दिन में गर्मी और सुबह-शाम ठंड का असर

