रांची : झारखंड में पिछले कुछ दिनों से जारी कड़ाके की ठंड के बीच अब तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राज्यभर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में सुधार के कारण लोगों को ठिठुरन से राहत मिलने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र- रांची (IMD Ranchi) के अनुसार अगले पांच दिन मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान औसतन 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास स्थिर रह सकता है। वहीं, आगामी दो सप्ताह का पूर्वानुमान भी जारी किया गया है, जिसमें मौसम की स्थिति अधिकतर शुष्क बताई गई है।
न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी, ठंड से राहत
राजधानी रांची में दो दिन पहले तक न्यूनतम तापमान में गिरावट से लोग ठंड से बेहाल थे, लेकिन अब तापमान में सुधार के बाद हल्के कपड़ों से भी काम चल रहा है। खूंटी, गुमला और लोहरदगा जैसे जिलों में तापमान बढ़कर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में केवल 1–2 डिग्री का मामूली उतार-चढ़ाव संभव है।
दिन के तापमान में भी सुधार, 4–5 डिग्री की बढ़ोतरी
हिमालय की ओर से आने वाली ठंडी हवाओं की गति धीमी होने के कारण अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दो दिन पहले तक जहां रांची का अधिकतम तापमान 23–24 डिग्री के बीच था, वहीं अब यह बढ़कर 27 डिग्री तक पहुंच गया है। जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और चाईबासा का 31 डिग्री दर्ज किया गया। यानी सामान्य से 4–5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे दिन के समय ठंड का प्रभाव कम महसूस हो रहा है।
21 से 27 नवंबर तक शुष्क रहेगा मौसम
आईएमडी द्वारा जारी 15-दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 21 से 27 नवंबर तक झारखंड का मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। इस अवधि में बारिश की कोई संभावना नहीं है और आसमान साफ या हल्के बादलों के साथ मौसम सामान्य रहेगा। हवा की दिशा और गति में मामूली परिवर्तन देखा जा सकता है, लेकिन इसका तापमान पर बड़ा प्रभाव नहीं पड़ेगा।
उच्चतम तापमान रहेगा सामान्य से अधिक
मौसम विभाग के अनुसार, 21 से 27 नवंबर के बीच अधिकतम तापमान 24 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगले सप्ताह यह सीमा 23 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। यानी आने वाले दिनों में दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से अधिक दर्ज किया जा सकता है, जिससे ठंड की तीव्रता में और कमी देखने को मिलेगी।
Read Also- Jharkhand Weather Forecast : झारखंड में अगले 4 दिन साफ रहेगा मौसम, फिर आएगा बदलाव

