RANCHI: रांची नगर निगम में शनिवार को प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों, दीवारों और निगम की संपत्तियों पर अवैध विज्ञापन लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसकी वजह से शहर की छवि खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से सख्ती से निपटने की जरूरत है। साथ ही फाइन लगाने को भी कहा गया। उन्होंने कहा कि निगम की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने या उन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
कई विषयों पर अधिकारियों से चर्चा
बैठक में निगम क्षेत्र के सभी 53 वार्डों में स्थित नगर निगम की परिसंपत्तियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। जिसमें निगम की भूमि, सामुदायिक भवन, कम्युनिटी हॉल, अटल क्लीनिक, वेंडर मार्केट, आश्रय गृह, पार्क, तालाब, एचवाईडीटी और मिनी एचवाईडीटी, सार्वजनिक शौचालय, बस टर्मिनल और एमआरएफ जैसी सुविधाएं शामिल हैं। प्रजेंटेशन के माध्यम से इन परिसंपत्तियों की वर्तमान स्थिति, उपयोगिता और उनसे जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी दी गई।
निगम और सरकार की जमीन खाली कराएं
प्रशासक सुशांत गौरव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी वार्डों में निगम की खाली या सरकारी भूमि की जांच, मापी और सीमांकन सुनिश्चित किया जाए। ऐसी जमीनों को भविष्य की विकास योजनाओं के लिए सुरक्षित रखते हुए उन्हें जनोपयोगी बनाया जाए। साथ ही अवैध कब्जों को चिन्हित कर उन्हें कब्जामुक्त कराने की प्रक्रिया भी तेज करने को कहा।
सामुदायिक भवनों की ऑनलाइन बुकिंग
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन सरकारी भवनों या कम्युनिटी हॉल पर किसी निजी स्वार्थ के तहत कब्जा किया गया है, उसकी सघन जांच की जाए। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक भवनों की ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली शुरू करने पर भी जोर दिया गया, ताकि आम लोगों को इन सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके। बैठक में सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सामुदायिक भवनों और वार्ड कार्यालयों की मरम्मत कराने के साथ वहां पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया गया। इसके अलावा आकर्षक पेंटिंग कराने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि इससे भवनों की सुंदरता बढ़ेगी और स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत विजिबल क्लीनलीनेस के मानकों को भी सुनिश्चित किया जा सकेगा। साथ ही सभी वार्डों में नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थलों की पहचान करने को कहा गया। प्रशासक ने नए वार्ड पार्षदों के लिए उनके क्षेत्रों में स्थित वार्ड कार्यालय भवनों को भी सुव्यवस्थित बनाने का निर्देश दिया।
नए पार्किंग स्थल की पहचान
इसके अलावा शहर के सभी गिफ्ट डीड की जमीनों पर लगातार निगरानी रखने तथा ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए नए पार्किंग स्थलों की पहचान करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों, सुलभ शौचालयों और मॉड्यूलर टॉयलेट में स्वच्छता, सुंदरता और सुगमता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। बैठक में शहर के सभी पार्कों में बेहतर बागवानी विकसित करने और बच्चों के लिए बेहतर क्वालिटी के फाइबर झूले लगाने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही सभी तालाबों को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त रखने को प्राथमिकता देने को कहा।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में अपर प्रशासक संजय कुमार, उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सभी सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक और परिसंपत्ति अधीक्षक सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

