Home » कदमा में युवक पर जानलेवा हमला, पिस्तौल की बट से सिर फोड़ा; सोने की चेन छीनने का आरोप

कदमा में युवक पर जानलेवा हमला, पिस्तौल की बट से सिर फोड़ा; सोने की चेन छीनने का आरोप

by Mujtaba Haider Rizvi
kadma crime
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला करने और उसके गले से सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है। घटना सोनारी ऑटो स्टैंड के पास की बताई जा रही है, जहां हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान साकची निवासी कुणाल कुमार के रूप में हुई है। पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

कुणाल कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने कुछ दोस्तों के साथ सोनारी ऑटो स्टैंड के पास स्थित एक दुकान पर चाय पी रहा था। इसी दौरान साकिब और राहुल तिवारी नामक दो युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित के अनुसार, मारपीट के दौरान एक आरोपी ने पिस्तौल की बट से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और काफी खून बहने लगा। वहीं दूसरा आरोपी हाथ में चापड़ लेकर उसे लगातार जान से मारने की धमकी देता रहा। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग डरकर इधर-उधर भागने लगे।

कुणाल कुमार का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली। किसी तरह वह वहां से जान बचाकर निकला और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

मामले की सूचना मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।

Read also Chakradharpur News : चक्रधरपुर में ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस ने बाइक समेत दबोचा

Related Articles