करीना कपूर खान बॉलीवुड की एक आइकन हैं, जिन्होंने हिंदी सिनेमा की कुछ सबसे बड़ी हिट फ़िल्में दी हैं। करीना की गिनती बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस में होती है। उनका जन्म आज ही के दिन 21 सितम्बर 1980 को हुआ था।
अपनी पहली फिल्म ‘रिफ्यूजी’ से अपने करियर की शुरूआत करने से लेकर के3जी में ‘Poo’ के रूप में अमिट छाप छोड़ने तक, ग्लैमर और सिनेमा के क्षेत्र में करीना कपूर का प्रभाव बेमिसाल बना हुआ है। करीना, कपूर खानदान की लाडली बेटी हैं और उनका निक नेम बेबो है। बेबो के बारे में आइए जानते हैं कुछ इंटरेस्टिंग फैक्ट्स।
एक्टिंग में आना नहीं थी पहली पसंद
यह बात आपको हैरान कर सकती है, लेकिन इस स्टार ने मूल रूप से मुंबई के मीठीबाई कॉलेज में कॉमर्स की पढ़ाई की थी, उसके बाद एक छोटे से समय के लिए कानून की पढ़ाई की, क्योंकि उनकी शुरुआती ख्वाहिश एक क्रिमिनल लॉयर बनने की थी। बॉलीवुड में आने से पहले उन्होंने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में माइक्रो कंप्यूटर का एक छोटा कोर्स भी किया था। लेकिन बाद में उन्होंने अपनी एक्टिंग का रास्ता चुना और आज वे फ़िल्मी दुनिया का पॉपुलर नाम हैं।
करीना कपूर खान ने कुछ गानों में दी है आवाज
हालांकि हमने उन्हें अभी तक कैमरे के सामने गाते हुए नहीं देखा है, लेकिन वह अपनी फिल्म देव (2002) के एक ट्रैक ‘जब नहीं आए’ के लिए प्लेबैक गायिका रह चुकी हैं। इतना ही नहीं करीना कपूर ने दो किताबें भी लिखी हैं। उनकी 2012 की किताब का नाम ‘द स्टाइल डायरी ऑफ़ ए बॉलीवुड डीवा’ था। सबसे हालिया किताब मां बनने वाली महिलाओं के लिए है जिसका नाम ‘प्रेग्नेंसी बाइबिल” है। कुल मिलकर कहा जाये तो बेबो सच में एक ऑलराउंडर हैं।
टशन (2008) की शूटिंग के दौरान करीना को सैफ से प्यार हुआ
करीना कपूर और एक्टर सैफ अली खान बॉलीवुड के पावर कपल हैं। उनके प्यार की शुरुआत टशन फिल्म के सेट पर हुई थी। हालांकि इससे पहले उन्होंने साथ में LOC: कारगिल (2003) और ओमकारा (2006) जैसे कई प्रोजेक्ट्स पर काम किया। इसपर करीना ने एक इंटरव्यू में कहा था “मैं उनसे पहले भी मिल चुकी थी, लेकिन जब हम टशन फिल्म कर रहे थे, तो कुछ बदल गया। मैं पूरी तरह से उससे प्यार करने लगी थी।”
पहली मूवी से होना पड़ा था बाहर
करीना कपूर की पहली फिल्म तो रिफ्यूजी थी, लेकिन उन्होंने साइन कोई और फिल्म की थी. राकेश रोशन की फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ में उन्हें ऋतिक रोशन के अपोजिट कास्ट किया गया था। फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो चुकी थी, कुछ फोटोज आज भी इंटरनेट पर पड़े हुए हैं, लेकिन फिल्म से करीना बाहर हो गई। उन्हें अमीषा पटेल ने रिप्लेस किया था।
करीना कपूर खान फिल्म इंडस्ट्री में 25 साल पूरे कर चुकी हैं। वे अपने बेहतरीन अभिनय और यादगार किरदारों के जरिये अपने फैंस के दिलों में हमेशा नंबर वन का दर्जा रखती हैं।

