
कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिला अंतर्गत मरकच्चो प्रखंड क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से हाथियों का एक झुंड भारी तबाही मचा रहा है। पपलो पंचायत के खंडराडीह गांव में रविवार को रात में एक हाथी ने केदार यादव नामक ग्रामीण पर हमला कर दिया और उसे पटक-पटक कर मार डाला। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और ग्रामीण दहशत के साए में जीने को मजबूर हैं।
हाथियों का यह खूंखार झुंड केवल ग्रामीण इलाकों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि शनिवार रात नवलशाही थाना परिसर तक पहुंच गया था। हाथियों ने कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर थाने के समीप लगी बैरिकेडिंग को तोड़ डाला और परिसर के भीतर घुसने की कोशिश की। खतरे को भांपते हुए थाना के एसआई रवि प्रकाश पंडित ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने मशाल जलाकर और पटाखे फोड़कर हाथियों को खदेड़ा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इस अफरा-तफरी के दौरान एक हाथी सड़क किनारे खड़े वाहन से टकरा भी गया।
इससे पहले शुक्रवार को रात में हाथियों के इस झुंड ने पपलो, अम्बाडीह और खंडहराडीह गांवों में जमकर उपद्रव मचाया था। भोजन की तलाश में आए हाथियों ने वासुदेव यादव, पूनम देवी, कुंती देवी और विमला देवी सहित चार ग्रामीणों के मकानों के दरवाजे और खिड़कियां पूरी तरह तोड़ दिए।
इसके साथ ही खेतों में धान की रोपनी के लिए तैयार कर रखे गए दर्जनों किसानों के बिचड़ों को रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया। इससे प्रयाग यादव, हीरालाल पासवान, चिंता देवी और बालेश्वर यादव समेत कई किसानों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। लगातार हो रहे इस उत्पात से स्थानीय लोगों में वन विभाग के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है। पपलो पंचायत के प्रतिनिधियों का कहना है कि हर साल हाथियों का झुंड तबाही मचाता है और आवेदन देने के बावजूद विभाग द्वारा कोई मुआवजा नहीं दिया जाता।
उधर घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। फिलहाल वनकर्मी इलाके में लगातार गश्त कर रहे हैं और ग्रामीणों से रात के समय सतर्क रहने तथा जंगल की ओर न जाने की अपील की है। वही आक्रोशित ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द मुआवजे और हाथियों को स्थायी रूप से आबादी से दूर खदेड़ने की मांग की है।
Read Also- Durand Cup 2026: जमशेदपुर एफसी ने जीत से किया आगाज, श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी को 5-0 से हराया


