
जमशेदपुर। कोल्हान विश्वविद्यालय ने अकादमिक सत्र 2026-30 से चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के तहत एक बड़ा बदलाव किया है। झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के संकल्प के आलोक में, विश्वविद्यालय ने अब जूलॉजी और बॉटनी विषयों के स्थान पर ‘लाइफ साइंस’ को मुख्य (मेजर) विषय के रूप में शामिल करने की अधिसूचना जारी की है। विश्वविद्यालय के डीन (अकादमिक अफेयर्स) डॉ. संजय यादव द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इस नए सत्र से लाइफ साइंस मेजर विषय के साथ एसोसिएटेड कोर विषयों का विकल्प भी तय कर दिया गया है। छात्र लाइफ साइंस मेजर के साथ एसोसिएटेड कोर के रूप में केमिस्ट्री, होम साइंस, फिजिक्स या साइकोलॉजी विषयों का चयन कर सकेंगे। यह आदेश विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी संबद्ध और अंगीभूत कॉलेजों पर प्रभावी होगा। कुलपति के आदेश पर जारी इस अधिसूचना की प्रति सभी प्राचार्यों, परीक्षा नियंत्रक और विभागाध्यक्षों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
एलबीएसएम कॉलेज में नामांकन की तैयारियां पूरी, हेल्प डेस्क शुरू:
एलबीएसएम कॉलेज में प्रथम और सातवें सेमेस्टर के नामांकन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को प्राचार्य डॉ. ए.के. झा की अध्यक्षता में सभी शिक्षकों की बैठक हुई, जिसमें नामांकन प्रक्रिया के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्राचार्य ने शिक्षकों को परीक्षा कार्य के साथ-साथ नामांकन प्रपत्रों के सत्यापन और हेल्प डेस्क पर विद्यार्थियों की सहायता करने का निर्देश दिया। उन्होंने अपार आईडी, मूल सीएलसी, जाति, आय एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों की सावधानीपूर्वक जांच के बाद ही सत्यापन करने को कहा। कॉलेज में प्रथम सेमेस्टर नामांकन के साथ एनसीसी में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए अलग हेल्प डेस्क भी बनाया गया है। बैठक में छठे सेमेस्टर के विद्यार्थियों को सातवें सेमेस्टर में नामांकन और एग्जिट विकल्प की जानकारी दी गई। ऑनलाइन आवेदन के बाद हार्ड कॉपी कॉलेज में जमा करनी होगी, जिसे महाविद्यालय 20 जुलाई तक विश्वविद्यालय को भेजेगा। बैठक में सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
आज जारी होगी पहली मेधासूची:
स्नातक नामांकन के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मेधा सूची की बारी है। विवि की ओर से जारी सूचना के तहत सभी कॉलेज बुधवार को मेधा सूची जारी कर देंगे। इसे छात्र कॉलेज की वेबसाइट के साथ ही नोटिस बोर्ड परी देख सकेंगे। इसके आधार पर नामांकन 8 से 18 जुलाई तक लिया जाएगा। विवि ने एडमिशन फॉर्म भी अपने वेसाईट पर अपलोड कर दिया है। वहीं सीट रिक्त रहने पर दूसरे मेधा सूची का प्रकाशन 21 जुलाई को किया जाएगा।

