Jamshedpur (Jharkhand) : कोल्हान विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक स्तर के विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों (Vocational Vourses) में दाखिले की प्रक्रिया कल यानी शनिवार, 12 जुलाई से शुरू होने जा रही है। यदि आप बीबीए, बीसीए, बीएससी-आईटी, मास कम्यूनिकेशन या एन्वायरमेंट एंड वाटर मैनेजमेंट जैसे लोकप्रिय कोर्सेज के पहले सेमेस्टर में अपना करियर बनाना चाहते हैं, तो यह आपके लिए सुनहरा अवसर है। विश्वविद्यालय ने इस संबंध में विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके अनुसार इच्छुक छात्र-छात्राएं कल से चांसलर पोर्टल (Chancellor Portal) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अधिसूचना में दी गई जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 4 अगस्त निर्धारित की गई है। यदि किसी छात्र को आवेदन करने में कोई तकनीकी समस्या आती है, तो वह 5 अगस्त को चांसलर पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके बाद, संबंधित कॉलेजों की वेबसाइट पर आवेदन करने वाले छात्रों की पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
एडमिशन की महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ : 12 जुलाई
- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि : 4 अगस्त
- तकनीकी समस्या दर्ज करने की अंतिम तिथि : 5 अगस्त
- प्रथम मेरिट लिस्ट प्रकाशन : जल्द घोषित की जाएगी
- प्रथम मेरिट लिस्ट के आधार पर एडमिशन : 6 अगस्त से 14 अगस्त
- द्वितीय मेरिट लिस्ट प्रकाशन : 18 अगस्त
- द्वितीय मेरिट लिस्ट के आधार पर एडमिशन : 18 अगस्त से 22 अगस्त
- प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं प्रारंभ : 23 अगस्त
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी कॉलेजों के प्राचार्यों को एक एडमिशन कमेटी गठित करने का भी निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य यह है कि दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और सुगम तरीके से संपन्न हो सके। प्राचार्यों को यह भी कहा गया है कि वे छात्रों द्वारा जमा किए गए एडमिशन फॉर्म की अच्छी तरह से जांच (वेरिफाई) करने के बाद ही उसे स्वीकार करें।
छात्रों को पोर्टल पर केवल मेजर पेपर भरने की सलाह
छात्रों को यह विशेष सलाह दी गई है कि वे चांसलर पोर्टल पर आवेदन करते समय केवल अपने मुख्य विषय (मेजर पेपर) का ही चयन करें। अन्य माइनर विषयों का चयन वे एडमिशन के समय कॉलेज में अपनी पसंद के अनुसार कर सकते हैं। विश्वविद्यालय का यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि छात्रों को भविष्य में किसी भी विषय संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।

