Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया के ऊपरबेड़ा स्थित एसएस सेरेमिक्स एंड केमिकल प्राइवेट लिमिटेड (पूर्व में राइस मिल) में चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बैंक द्वारा सील की गई इस कंपनी का शटर काटकर लाखों रुपये के कीमती मशीनरी और उपकरण गायब कर दिए गए हैं। घटना के बाद कंपनी के पूर्व मालिक रोहित गोयल ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और बैंक प्रबंधन व नीलामी लेने वाले पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
बताया जाता है कि रोहित गोयल ने बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य बैंकों से कर्ज लेकर राइस मिल की स्थापना की थी। लेकिन क्षेत्र का पानी अत्यधिक आयरनयुक्त और विषाक्त होने के कारण चावल की गुणवत्ता प्रभावित होने लगी, जिससे उत्पादन ठप हो गया। कर्ज नहीं चुका पाने की स्थिति में बैंक ने कंपनी को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया था।
यह मामला फिलहाल रांची स्थित डीआरटी (डेब्ट रिकवरी ट्रिब्यूनल) में लंबित है। रविवार को चोरी की सूचना मिलने पर रोहित गोयल जब मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि मुख्य गेट पर लगा बैंक का सील और ताला गायब था। वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड ने बताया कि बैंक मैनेजर ने ही सील खोला था।
शटर काटकर की गई चोरी
हालांकि, अंदर जाकर देखने पर स्थिति और संदिग्ध नजर आई। भीतरी शटर पर बैंक की सील सुरक्षित थी, लेकिन दूसरी तरफ से शटर काटकर भीतर रखे महंगे उपकरण चोरी कर लिए गए थे।
एसी के साथ कई मोटर्स भी गायब
कार्यालय से एयर कंडीशनर (एसी) और कई कीमती मोटर भी गायब पाई गई। रोहित गोयल ने आरोप लगाया कि बैंक ने नियमों का उल्लंघन करते हुए, मामला कोर्ट में लंबित होने के बावजूद कंपनी की नीलामी कर दी और इसे पीआरबी एसोसिएट्स (संचालक: महेंद्र मिश्रा, अखिलेश मिश्रा और आशीष मिश्रा) को सौंप दिया।
उन्होंने आशंका जताई कि बैंक प्रबंधन की मिलीभगत से ही कंपनी के कीमती सामान की चोरी या हेराफेरी की गई है।
निजी ताला लगाकर प्रवेश पर रोक
स्थिति को देखते हुए रोहित गोयल ने कंपनी के मुख्य गेट पर अपना निजी ताला लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि जब तक अदालत का फैसला नहीं आ जाता, तब तक किसी को भी परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की बात कही है।
Read Also: लातेहार में दर्दनाक हादसा : डैम में डूबने से दो युवकों की मौत, नहाने के दौरान हुआ हादसा

