पलामू : झारखंड के पलामू प्रमंडल मुख्यालय मेदिनीनगर में गुरुवार को रात बस स्टैंड रोड स्थित शताब्दी मार्केट में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इस घटना ने इलाके की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना में मेदिनीनगर के कुंड मोहल्ला का निवासी मोहम्मद समीर उर्फ़ गुड्डू खलीफा गोली लगने से मारा गया। यह घटना गुरुवार को रात लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। बताया जाता है कि मुस्लिम नगर निवासी फैज खान अपने साथियों के साथ काउंटर पर पहुंचा और समीर पर कई राउंड फायरिंग की। गोली लगने के बाद घायल समीर को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल काॅलेज-अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि फैज खान पहले ही झामुमो नेता लाड़ले हसन उर्फ़ लड्डू खान की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। मृतक गुड्डू खलीफा इसी हत्याकांड का गवाह था। शुरुआती जांच में यही माना जा रहा है कि हत्या का कारण गवाह को चुप कराने का प्रयास हो सकता है। शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि इस मामले में फैज खान समेत दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में विस्तृत जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरी घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी।
Read Also: रंगदारी व मारपीट के आरोप में एसआई नर्मदेश्वर सिंह लाइन हाजिर

