लातेहार : झारखंड के लातेहार जिले में चंदवा थाना क्षेत्र स्थित हड़गड़वा गांव में शुक्रवार रात एक बार फिर नक्सलियों ने अपनी आतंकवादी गतिविधियों से इलाके को दहला दिया। पीएलएफआई के नक्सलियों ने ईंट भट्ठा और क्रशर के पास अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से की गई थी।
मजदूर घायल, रिम्स रेफर
घायल मजदूर का नाम अलीम अंसारी है, जो लोहरदगा का रहने वाला है। वह भट्ठे पर काम कर रहा था, जब नक्सलियों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर प्राथमिक इलाज के बाद उसे रिम्स (RIMS) अस्पताल में बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है। पुलिस टीम ने घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में नाकेबंदी की और नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी शुरू कर दी।
फायरिंग के बाद मची भगदड़
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब छह की संख्या में हथियारबंद नक्सली भट्ठे के पास पहुंचे। उन्होंने बिना किसी चेतावनी के अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बाद मजदूरों में भगदड़ मच गई और भागते समय एक मजदूर के कमर में गोली लग गई। इसके बाद नक्सलियों ने पत्थर क्रशर के पास पहुंचकर वहां मौजूद मजदूरों और कर्मियों से उनके मोबाइल छीन लिए और पर्चा छोड़कर फरार हो गए। पर्चे में लिखा था कि बिना संगठन से बात किए भट्ठा अथवा क्रशर में काम नहीं किया जाए।
पुलिस ने की छापेमारी
घटना के बाद पुलिस को जानकारी दी गई। थाना प्रभारी रणधीर कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। डीएसपी अरविंद कुमार ने शनिवार को बताया कि पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

