मुंबई : शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अरविंद सावंत के खिलाफ नागपाड़ा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। सावंत पर यह आपराधिक मामला भारतीय न्याय संहिता, 2023 के अनुच्छेद 79 औऱ धारा 356(2) के तहत दर्ज की गई है।
दरअसल शिवसेना (उद्धव ठाकरे) गुट के सांसद अरविंद सावंत ने शिवसेना की उम्मीदवार शाइना एनसी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। शाइना मुंबा देवी सीट से शिवसेना की उम्मीदवार हैं। सावंत ने शाइना के लिए ‘इंपोर्टेड माल’ शब्द का इस्तेमाल किया था, इसके बाद से ही भारी विवाद खड़ा हो गया था।
उद्धव ठाकरे चुप हैः शाइना एनसी
इस विवाद पर शाइना ने कहा कि मैं ‘माल’ नहीं हूं, मैं महिला हूं। उद्धव ठाकरे चुप हैं, नाना पटोले चुप हैं, लेकिन मुंबई की महिलाएं चुप नहीं रहेंगी। मुंबई की नागपाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराए जाने के बाद शाइना एनसी ने कहा कि धारा 79 और धारा 356(2) के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है।
महाविनाश अघाड़ी महिलाओं का सम्मान नहीं करती
उन्होंने गलत शब्द का इस्तेमाल किया है। मैं यहां सक्रिय रूप से काम करने आई हूं। आगे शाइना ने कहा कि मेरे काम के बारे में चर्चा करनी है, तो करें। मुझे ‘इंपोर्टेड माल’ कभी नहीं बोलें। कानून को अपना काम करने दीजिए, मुझे जो करना था मैंने कर दिया। महाविकास अघाड़ी पर आऱोप लगाते हुए शाइना ने कहा कि ‘महाविनाश अघाड़ी’ महिलाओं का सम्मान नहीं करती है।
हम सब लक्ष्मी पूजन की बात करते हैं। लक्ष्मी पूजन का दिन है, शुभ अवसर है। अरविंद सावंत कहते हैं कि आप ‘इंपोर्टेड माल’ हैं। माल यानी आइटम। 20 साल हो गए मुझे सार्वजनिक जीवन में, सब जानते हैं कि मैंने किस निष्ठा से काम किया है। मां मुंबा देवा का आशीर्वाद है, मैं महिला हूं, ‘माल’ नहीं हूं। कोई भी महिला हो, कानून अभद्र भाषा के खिलाफ अपना काम करेगी।
पहले लाडली बहना बोला, अब माल कहते है
आगे, शिवसेना उम्मीदवार ने कहा कि एक चीज समझने की जरूरत है कि जब आप एक महिला के खिलाफ अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, आपको लगता है कि हर महिला चुप रहेगी। महाराष्ट्र की महिलाएं मुंहतोड़ जवाब देंगी। एक और हमारे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे हैं, जिन्होंने लाडली बहनों के लिए कितना कुछ किया। शाइना ने कहा कि मैं बस इतना ही कहूंगी कि मैं मुंबई की छोटी बेटी हूं। 2014 व 2019 में अरविंद सावंत ने हमें ‘लाडली बहना’ बोला, अब ‘माल’ शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं।
अरविंद सावंत ने अपने बयान पर दी सफाई
अपने अभद्र बयान पर अरविंद सावंत ने कहा कि उनकी टिप्पणी बाहरी लोगों के लिए थी। शाइना एनसी उनकी दोस्त हैं, वे उनकी इज्जत करते हैं। खुद को मानहानि का शिकार बताते हुए सावंत ने कहा कि मैंने कभी उनका नाम नहीं लिया। मैंने केवल इतना कहा कि बाहरी व्यक्ति यहां काम नहीं कर सकते। शोर मचाना उनकी आदत है।
झारखंड में भी ‘माल’ पर बवाल
यहां बता दें कि महाराष्ट्र के साथ झारखंड में भी विधानसभा चुनाव हो रहा है। झारखंड में भी ‘माल’ शब्द को लेकर बवाल मचा है। चुनावी माहौल के बीच जामताड़ा के कांग्रेस उम्मीदवार इरफान अंसारी पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने भाजपा उम्मीदवार सीता सोरेन को ‘रिजेक्टेड माल’ कहा था। अब इरफान अंसारी कह रहे हैं कि मैंने अपने भाषण में सीता सोरेन का नाम तक नहीं लिया।

