Home » Chaibasa News: बायोमेट्रिक अटेंडेंस के विरोध में मेघाहातुबुरु में श्रमिक संगठनों का धरना

Chaibasa News: बायोमेट्रिक अटेंडेंस के विरोध में मेघाहातुबुरु में श्रमिक संगठनों का धरना

जब तक कर्मचारियों की लंबित समस्याओं, स्वास्थ्य सुविधाओं और कल्याण संबंधी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक बायोमेट्रिक अटेंडेंस लागू करने का विरोध जारी रखने की दी संयुक्त मोर्चा ने चेतावनी।

by Rajeshwar Pandey
Meghahatuburu Biometric Attendance Protest
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : सेल प्रबंधन द्वारा 15 जून 2026 से सभी नियमित कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम (बीएएमएस) अनिवार्य किए जाने के खिलाफ सोमवार को मेघाहातुबुरु में श्रमिक संगठनों ने जोरदार विरोध दर्ज किया। सेल, झारखंड खान समूह की खदानों में बायोमेट्रिक उपस्थिति लागू करने के आदेश के विरोध में सभी मजदूर संगठनों ने संयुक्त मोर्चा के बैनर तले जनरल ऑफिस के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।

मामला कोर्ट में लंबित

धरना स्थल पर श्रमिक नेताओं ने कहा कि बायोमेट्रिक अटेंडेंस का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में अदालत के अंतिम निर्णय से पहले इसे लागू करना न्यायिक प्रक्रिया और श्रमिक हितों की अनदेखी है। नेताओं ने सवाल उठाया कि जब मामला कोर्ट में लंबित है तो प्रबंधन 15 जून से इसे लागू करने की घोषणा किस आधार पर कर रहा है।

अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर आक्रोश

Meghahatuburu Biometric Attendance Protest

मेघाहातुबुरु में सेल प्रबंधन द्वारा बायोमेट्रिक अटेंडेंस लागू करने के फैसले के खिलाफ श्रमिक संगठनों ने संयुक्त मोर्चा के बैनर तले प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान श्रमिक संगठनों ने किरीबुरु-मेघाहातुबुरु सेल अस्पताल की बदहाल चिकित्सा व्यवस्था को भी प्रमुख मुद्दा बनाया। नेताओं ने कहा कि पिछले एक दशक से महिला रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ और सर्जन सहित अन्य चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। इससे हजारों सेलकर्मी और उनके परिवार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं।

रेफरल नीति की आलोचना

श्रमिक नेताओं ने रेफरल नीति की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में बाहर इलाज कराने वाले कर्मचारियों को रेफरल सुविधा देने में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न की जाती हैं। इसे उन्होंने अव्यावहारिक और अमानवीय बताया।

विरोध जारी रखने की चेतावनी

संयुक्त मोर्चा ने चेतावनी दी कि जब तक कर्मचारियों की लंबित समस्याओं, स्वास्थ्य सुविधाओं और कल्याण संबंधी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक बायोमेट्रिक अटेंडेंस लागू करने का विरोध जारी रहेगा।

धरना-प्रदर्शन में अफताब आलम, इंतखाब आलम, दयानंद कुमार, गुंजन कुमार, बीरबल गुड़िया, अनिल टोपनो, इलियास चाम्पिया, धनीराम लकड़ा, एसपी गुप्ता, अर्जुन पूर्ति, संतोष पांडा समेत बड़ी संख्या में सेलकर्मी मौजूद रहे।

Read Also: Dumka News: तबादले से नाराज क्लर्क की दबंगई, सहकर्मी को दी हाथ-पैर तोड़ने और छत से फेंकने की धमकी

Related Articles

Leave a Comment