जमशेदपुर : एनआईटी जमशेदपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीटेक 2023, 2024 और 2025 बैच के छात्रों को ट्यूशन फीस में छूट का लाभ लेने के लिए आवेदन करने का निर्देश दिया है। यह छूट छात्रों की पारिवारिक आय के आधार पर दी जाएगी। संस्थान प्रशासन ने सभी पात्र छात्रों से निर्धारित समय के भीतर आवेदन जमा करने की अपील की है।
संस्थान की ओर से जारी नाेटिफिकेशन के तहत सरकारी नियमों के अनुसार, अनारक्षित, OBC एवं EWS (आर्थिक रूप से कमजोर) वर्ग के छात्र इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया को दो माध्यमों से पूरा करना अनिवार्य किया गया है। छात्रों को एक ओर आवेदन की हार्ड कॉपी जमा करनी होगी, वहीं दूसरी ओर गूगल फॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी करना होगा। गूगल फॉर्म का लिंक QR कोड स्कैन कर प्राप्त किया जा सकता है। संस्थान ने स्पष्ट किया है कि अधूरी या विलंब से जमा की गई आवेदन प्रक्रियाओं पर विचार नहीं किया जाएगा, इसलिए सभी छात्र समय रहते आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन सुनिश्चित करें।
इस आधार पर मिलेगा लाभ
सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को राहत देने के लिए नई शुल्क छूट नीति लागू की है। इसके तहत जिन छात्रों के परिवार की वार्षिक आय 1 लाख रुपये से कम (अधिकतम 99,999 रुपये तक) है, उन्हें पूर्ण शुल्क माफी दी जाएगी। वहीं, जिन परिवारों की आय एक लाख से पांच लाख रुपये (अधिकतम 4,99,999 रुपये तक) के बीच होगी, उन्हें कुल शुल्क में दो-तिहाई (2/3) की छूट प्रदान की जाएगी। इस निर्णय से बड़ी संख्या में छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आर्थिक सहायता मिलेगी और शिक्षा तक उनकी पहुंच आसान होगी।
एससी एसटी वर्ग को योजना से रखा गया है बाहर
संस्थान ने स्पष्ट किया है कि नई शुल्क छूट योजना SC-ST और दिव्यांग (Physically Handicapped) श्रेणी के छात्रों पर लागू नहीं होगी। अधिकारियों के अनुसार, इन वर्गों के विद्यार्थियों के लिए पहले से ही अलग-अलग शैक्षणिक सहायता और छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें उन्हें विशेष लाभ मिलता है। इसी कारण इन्हें इस नई योजना के दायरे से बाहर रखा गया है। सरकार का कहना है कि सभी वर्गों को उनकी जरूरत के अनुसार अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से सहायता प्रदान की जा रही है, ताकि शिक्षा में समान अवसर सुनिश्चित किए जा सकें।
ऑनलाईन आवेदन करने की तिथि : 8 मई
हार्ड कॉपी ऑफ लाईन जमा करने की तिथि : 12 मई
गुगल फॉर्म लिंक
https://forms.gle/7Vigz6rJg3QWw9BY6
इन छात्रों को मिलेगा लाभ : 2023, 2024 व 2025 में दाखिला लेने वाले

