
Jamshedpur : न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। 30 सितंबर, 2026 को समाप्त तिमाही में कंपनी का समेकित राजस्व सालाना आधार पर 13.5 प्रतिशत बढ़कर 2,790 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, कर के बाद मुनाफा (पीएटी) 78 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 65 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का एबिटिडा भी 11 प्रतिशत बढ़कर 411 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने इस तिमाही में 4.7 मिलियन टन (एमएमटी) सीमेंट की बिक्री की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 9 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान न्युवोको ने गुजरात के सूरत स्थित लिमला में 2 एमएमटीपीए क्षमता वाली ग्राइंडिंग इकाई शुरू की। इससे पश्चिमी भारत में कंपनी की बाजार उपस्थिति और सीमेंट आपूर्ति क्षमता मजबूत होगी।
इसके अलावा, कंपनी ने राजस्थान में 46.4 मेगावाट की पवन-सौर हाइब्रिड नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना के लिए क्लीनमैक्स के साथ साझेदारी की है। परियोजना के चालू होने पर प्रतिवर्ष करीब 10 करोड़ यूनिट नवीकरणीय बिजली उत्पादन की उम्मीद है। इससे ऊर्जा लागत नियंत्रित करने और पारंपरिक बिजली स्रोतों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
कंपनी के प्रबंध निदेशक जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा कि भारी बारिश, आपूर्ति शृंखला में व्यवधान और बढ़ती इनपुट लागत जैसी चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने मजबूत प्रदर्शन किया है। उन्होंने प्रीमियम उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़ाने, परिचालन दक्षता सुधारने और विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
न्युवोको ने वित्त वर्ष 2028 तक अपनी सीमेंट उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 35 एमएमटीपीए करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। कंपनी का मानना है कि क्षमता विस्तार, परिचालन दक्षता और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग से भविष्य में विकास को गति मिलेगी।

