
पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बसौरा स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में गुरुवार को देर रात मेस में खराब खाना मिलने की शिकायत को लेकर छात्रों ने जमकर विरोध जताया। बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज के बाहर डाल्टनगंज- पांकी मुख्य मार्ग के पास एकत्रित हो गए और मेस संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
छात्रों का आरोप था कि मेस में लंबे समय से मानक के अनुरूप भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। भोजन की गुणवत्ता को लेकर कई बार परेशानी सामने आने की बात भी छात्रों ने कही। हंगामे की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीएम संजय पांडेय, लेस्लीगंज के अंचल अधिकारी जागो महतो और फूड सेफ्टी विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
एसडीएम ने छात्रों से बातचीत कर उनकी शिकायतों की जानकारी ली। इसके बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने मेस में तैयार भोजन के साथ-साथ वहां इस्तेमाल की जा रही विभिन्न खाद्य सामग्रियों के नमूने भी एकत्र कर जब्त किए। इन सैंपलों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के भरोसे के बाद छात्र हुए शांत
सदर एसडीएम संजय पांडेय ने कहा कि छात्रों की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। फूड सेफ्टी टीम द्वारा भोजन और खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए हैं। मामले की जांच कर नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की ओर से कार्रवाई का भरोसा मिलने और सैंपल जब्त किए जाने के बाद छात्रों का विरोध समाप्त हुआ। इसके बाद सभी छात्र हॉस्टल लौट गए। छात्रों ने मेस संचालक पर खराब गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराने के साथ खाद्य पदार्थों में मिलावट सहित कई आरोप लगाए हैं।
बताया गया कि संबंधित मेस में इंजीनियरिंग कॉलेज के करीब 200 छात्रों के लिए प्रतिदिन भोजन तैयार किया जाता है।
Read Also- Palamu Police : पिता की डांट से नाराज होकर घर से भाग गई थी बुआ-भतीजी, पुलिस ने सकुशल खोज निकाला

