Palamu : हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और विरोध करने पर उसकी मां के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना नौ मार्च 2026 की देर रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय किशोरी किसी काम से घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने रास्ते में उसे रोक लिया और उसके साथ अनुचित हरकत करने की कोशिश की। किशोरी के शोर मचाने पर उसकी मां वहां पहुंच गई और युवक के व्यवहार का विरोध किया। आरोप है कि इससे नाराज युवक ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद दोनों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
इस मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर हुसैनाबाद थाना में कांड संख्या 55/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 126(2), 115(2), 352, 64(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

