सहरसा : बिहार के सहरसा जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए रजिस्ट्री ऑफिस से लौट रहे एक व्यक्ति को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल पीड़ित को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
घटना हकपाड़ा वार्ड-05 निवासी 45 वर्षीय मो० फखरुद्दीन के साथ उस समय हुई, जब वे रजिस्ट्री ऑफिस से काम निबटाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन्हें पेट में गोली मार दी, जो दाहिनी ओर से पार होकर बाईं ओर निकल गई।
स्थिति गंभीर, डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी
स्थानीय लोगों की मदद से फखरुद्दीन को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉ. विजय शंकर ने बताया कि गोली शरीर के कई हिस्सों को चीरते हुए निकल गई है, जिससे गंभीर आंतरिक चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार, “ऑपरेशन के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।”
परिवार ने जताया साजिश का शक
घायल के परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनका मोहल्ले के कुछ लोगों से पहले से विवाद चल रहा था। पत्नी नाजिया परवीन ने कहा कि घटना से ठीक 10 मिनट पहले ही बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि “मैं घर लौट रहा हूं।” इसके तुरंत बाद गोली मारे जाने की सूचना मिली।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष और पुलिस टीम सूर्या अस्पताल पहुंची। वहां घायल और परिजनों से पूछताछ की गई। फिलहाल डीआईयू टीम द्वारा घटनास्थल के आस-पास सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
अपराधियों की जल्द होगी गिरफ्तारी – पुलिस अधिकारी
पुलिस अधिकारियों द्वारा परिवारवालों को भरोसा दिया गया है कि पुलिस सभी बिंदुओ पर जांच कर रही है, जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

