
बोकारो : बोकारो जिले में गुरुवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ACB ने बड़ी कार्रवाई की है। 8 हजार रुपये घूस लेते प्रधान सहायक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बोकारो जिले से भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। पेटरवार प्रखंड कार्यालय में तैनात उर्दू अनुवादक सह प्रधान सहायक गुलाम रसूल को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने उसके घर की भी तलाशी ली और फिर उसे अपने साथ धनबाद ले गई।
यह पूरा मामला ओरदाना दक्षिणी ग्राम पंचायत से जुड़ा है। यहां के 10+2 उच्च विद्यालय में पंचायत समिति के फंड से शौचालय का निर्माण कराया जा रहा था। इस सरकारी योजना की कुल लागत 2 लाख 45 हजार रुपये थी, जिसका काम प्रेमजीत सिंह नाम के व्यक्ति को मिला था।
बिल पास करने के बदले मांगी थी रकम
शौचालय निर्माण का काम चल रहा था, लेकिन उसके बिल को पास कराने के लिए ठेकेदार प्रेमजीत सिंह को प्रखंड कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे थे। आरोप है कि प्रधान सहायक गुलाम रसूल बिल क्लियर करने के बदले लगातार पैसों की मांग कर रहा था। परेशान होकर प्रेमजीत सिंह ने इसकी शिकायत धनबाद एसीबी टीम से कर दी।
शिकायत मिलते ही एसीबी ने मामले की जांच की और जाल बिछाया। जैसे ही गुलाम रसूल ने रिश्वत की रकम हाथ में ली, तभी टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। प्रखंड कार्यालय में इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।

