
चक्रधरपुर : बाल श्रम और मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चक्रधरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर स्टेशन परिसर से बुधवार शाम संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन बच्चों को काम दिलाने के बहाने एक दलाल के जरिए तमिलनाडु ले जाया जा रहा था।
संयुक्त टीम ने चलाया विशेष अभियान
चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में इस बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस के साथ कई अन्य विभाग भी शामिल थे।जिला विधिक सेवा प्राधिकार,जिला बाल संरक्षण इकाई, रेलवे सुरक्षा बल, कर्रा सोसायटी की टीम
संयुक्त टीम ने चक्रधरपुर स्टेशन परिसर में संदिग्ध रूप से घूम रहे इन सभी 11 बच्चों को अपनी सुरक्षा में ले लिया।
काउंसलिंग के लिए ‘बाल कुंज’ भेजे गए बच्चे
स्टेशन से सुरक्षित निकाले गए सभी नाबालिगों को तुरंत बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश किया गया। समिति के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बच्चों को उचित देखभाल, संरक्षण और काउंसलिंग के लिए ‘बाल कुंज’ तथा ‘छाया बालिका गृह’ भेज दिया गया है। यहां विशेषज्ञ उनके मानसिक स्वास्थ्य की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करेंगे।
गिरोह और दलालों के नेटवर्क की जांच शुरू
थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि बच्चों से की गई शुरुआती पूछताछ में मानव तस्करी और बाल श्रम के एक बड़े नेटवर्क का अंदेशा है। बच्चों ने स्वीकार किया है कि वे रोजगार की तलाश में एक दलाल के माध्यम से तमिलनाडु जा रहे थे।पुलिस और बाल संरक्षण इकाई इस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। हमारा मुख्य उद्देश्य उस संगठित गिरोह और दलालों का पता लगाना है जो इन मासूमों को बहला-फुसलाकर पलायन के लिए मजबूर कर रहे थे।
योजनाओं का लाभ उठाएं, बहकावे में न आएं
इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने स्थानीय अभिभावकों से बेहद भावुक और सतर्क रहने वाली अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि माता-पिता किसी भी अनजान व्यक्ति या दलाल के बहकावे में आकर अपने बच्चों को बाल श्रम के लिए बाहर न भेजें। सरकार द्वारा बच्चों की शिक्षा और उनके कौशल विकास के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसके साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को देने को कहा गया है। फिलहाल रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर पुलिस की निगरानी और चौकसी बढ़ा दी गई है।
Read Also: Jamshedpur News: हिमांशु हत्याकांड में पुलिस का बड़ा खुलासा, धक्का-मुक्की कर एक आरोपी को छुड़ा ले गए बदमाश, FIR दर्ज

