
Jamshedpur (Jharkhand) : टाटानगर से अमृतसर के बीच चलने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को दिसंबर से फरवरी तक रद्द किए जाने के फैसले का विरोध शुरू हो गया है। ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट्स फेडरेशन के पूर्वी भारत अध्यक्ष सतनाम सिंह गंभीर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक्स पर ट्वीट कर ट्रेन रद्द करने का फैसला वापस लेने की मांग की है।

सतनाम सिंह गंभीर
सतनाम सिंह गंभीर ने कहा कि रेल मंत्रालय की ओर से 2 दिसंबर से 28 फरवरी तक ट्रेन का परिचालन बंद रखने का आदेश जनहित में उचित नहीं है। उनका कहना है कि यह ट्रेन झारखंड सहित बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस हरिद्वार और अमृतसर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने वाले यात्रियों के लिए भी बेहद उपयोगी है। सर्दी के मौसम में बच्चों की छुट्टियां होने के कारण बड़ी संख्या में परिवार उत्तर भारत स्थित अपने पैतृक और धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं।
सतनाम सिंह गंभीर ने कहा कि ट्रेन का परिचालन करीब तीन महीने बंद रहने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। खासकर उत्तर भारत जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक रेल व्यवस्था आसान नहीं होगी।
उन्होंने रेल मंत्रालय से मांग की है कि जनहित को देखते हुए टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को रद्द करने का फैसला तत्काल वापस लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि फैसला वापस नहीं लिया गया तो इसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
Read also – Sahityik Mahakumbh Chhap : साहित्यिक महाकुंभ ‘छाप’ 9-10 को, जुटेंगे नामचीन हस्ताक्षर

