
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक भयानक सड़क दुर्घटना सामने आई है। मनोहरपुर-आनंदपुर मुख्य मार्ग पर स्थित टंगराईन मोड़ के समीप दोपहर में एक स्कूटी और बाइक के बीच आमने-सामने सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में एक 63 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य युवक भी चोटिल हुए हैं।
बाजार जाने के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम टंगराईन निवासी 63 वर्षीय सुरेश चंद्र महतो अपनी स्कूटी पर सवार होकर किसी काम से मनोहरपुर बाजार की ओर आ रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर जा गिरे।
हादसे में घायल लोग
इस घटना में स्कूटी सवार सुरेशचंद्र महतो के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वहीं बाइक पर सवार दो युवक आनंदपुर थाना क्षेत्र के बुनुमदा गांव निवासी 24 वर्षीय सलीम भेंगरा और 23 वर्षीय अजय बागे भी दुर्घटना में घायल हो गए हैं।
अस्पताल में इलाज और रेफर
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोट को देखते हुए बुजुर्ग सुरेशचंद्र महतो की नाजुक हालत के मद्देनजर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, हादसे में घायल दोनों युवकों सलीम भेंगरा और अजय बागे का इलाज फिलहाल मनोहरपुर सीएचसी में ही चल रहा है।घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

