
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड स्थित टेन्ड्राउली झारबेड़ा पंचायत के निर्माणाधीन हॉकी स्टेडियम में रविवार को शहीद देवेंद्र माझी मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का भव्य आगाज हुआ। सलन चंद्रमोहन फ्रेंड्स क्लब (SCFC), टेन्ड्राउली के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
इस टूर्नामेंट में कुल 32 टीमें खिताबी जीत के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 9 अक्टूबर को खेला जाएगा। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच आरसी क्लब जेके और स्टार इलेवन ब्रो के बीच खेला गया, जिसमें आरसी क्लब जेके ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच: सांसद जोबा माझी
सांसद जोबा माझी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए बेहतर मंच प्रदान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि टेन्ड्राउली में बन रहा हॉकी स्टेडियम जिले का पहला हॉकी स्टेडियम है, जो स्थानीय खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही यहां खिलाड़ियों को एस्ट्रोटर्फ मैदान की सुविधा भी मिलेगी।सांसद ने आगे कहा कि मेरी कामना है कि टेन्ड्राउली की इस माटी से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलकर झारखंड और देश का नाम रोशन करें। खिलाड़ी अपना लक्ष्य तय कर निरंतर कड़ी मेहनत करें, सफलता अवश्य मिलेगी।
स्टेडियम निर्माण और भविष्य की योजनाएं
सांसद ने बताया कि मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने क्षेत्र की जनता से किया अपना वादा निभाते हुए इस स्टेडियम के निर्माण की पहल की है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में इस नवनिर्मित स्टेडियम में महिला हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन कराया जाएगा, ताकि क्षेत्र की बेटियों को भी खेल जगत में आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिल सके।
कार्यक्रम में गणमान्य लोगों की उपस्थिति
उद्घाटन समारोह में पश्चिमी सिंहभूम जिला हॉकी एसोसिएशन के अध्यक्ष वीर सिंह मुंडा, सचिव जगदीप महाराणा, कोषाध्यक्ष इलियास भेंगरा और मनोहरपुर के उप प्रमुख दीपक एक्का उपस्थित रहे। इसके अलावा आयोजन समिति (SCFC) के अध्यक्ष मनोहर बुढ़, सचिव सुगड़ डांग, गोल्डन चेरेवा, नेलसन केरकेट्टा, अनिल सुरीन, अर्जुन राउतिया, सलन मानकी, चंद्रमोहन राउतिया, बेंजामिन चेरेवा, अल्बन बरोवा, सुकवान कोनगाड़ी, झामुमो नेता संजीव गंताइत, अजय कच्छप, सूर्य प्रताप सिंहदेव, राजू सिंह और पिंटू जैन समेत भारी संख्या में खेलप्रेमी व ग्रामीण मौजूद थे।

