Home » Jamshedpur Durga Puja 2026: डीसी राजीव रंजन ने पूजा समितियों को दिए ये जरूरी निर्देश, सुरक्षा से विसर्जन रूट तक तैयारी तेज

Jamshedpur Durga Puja 2026: डीसी राजीव रंजन ने पूजा समितियों को दिए ये जरूरी निर्देश, सुरक्षा से विसर्जन रूट तक तैयारी तेज

पूजा समितियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्रशासन के समक्ष रखी।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : दुर्गापूजा 2026 को लेकर सिदगोड़ा टाउन हॉल में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शांति समिति और विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के साथ बैठक हुई। बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात प्रबंधन और विसर्जन व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक ऐहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, धालभूम एसडीओ, एडीसी, सिविल सर्जन, बीडीओ, सीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी, अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति, शांति समिति के सदस्य और विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

पूजा समितियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्रशासन के समक्ष रखी। इनमें पेयजल, बिजली, सड़क मरम्मत, पेड़ों की डालियों की छंटाई, पंडालों तक पहुंचने वाले रास्ते, प्रकाश व्यवस्था, विसर्जन घाटों की तैयारी, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की उपलब्धता जैसे मुद्दे शामिल रहे।

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि दुर्गापूजा जमशेदपुर की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने सभी पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और पर्व को आपसी भाईचारे एवं सांप्रदायिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

उन्होंने संबंधित विभागों को पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर जर्जर विद्युत तारों को दुरुस्त करने, जरूरत के अनुसार सड़क की मरम्मत कराने तथा पेड़ों की डालियों की छंटाई कराने का निर्देश दिया। विसर्जन घाटों पर पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

उपायुक्त ने निर्धारित विसर्जन रूट और ट्रैफिक प्लान के अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूजा और विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

पूजा समितियों से पर्याप्त संख्या में वालंटियर्स की प्रतिनियुक्ति और उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया। प्रशासन ने कहा कि भीड़ प्रबंधन और व्यवस्था बनाए रखने में पूजा समितियों तथा आम नागरिकों का सहयोग महत्वपूर्ण है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ऐहतेशाम वकारिब ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। पूजा पंडालों और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी तथा ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ पूजा समितियों से सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की गई।

बैठक में सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने बताया कि ऐसी सूचनाओं की निगरानी और तत्काल कार्रवाई के लिए मॉनिटरिंग व्यवस्था रहेगी। शांति समिति के सदस्यों से भी अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध या भ्रामक सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की गई।

पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा, सीसीटीवी, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा विद्युत सुरक्षा सहित अन्य जरूरी मानकों के पालन पर भी जोर दिया गया। जिला प्रशासन और पुलिस पदाधिकारियों द्वारा पूजा पंडालों एवं महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया जाएगा। प्रशासन ने जिलेवासियों से दुर्गापूजा शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाने की अपील की।

Read also – Ranchi News : मधुकम अतिक्रमण मामला, हाईकोर्ट ने महादेव उरांव की अपील खारिज की, 1.08 करोड़ रुपये के लेनदेन का जिक्र न करने पर उठे सवाल

Related Articles

Leave a Comment