पॉलिटिकल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार यानी 17 दिसंबर को उत्तर प्रदेश स्थित अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का दौरा करने पहुंचे। पीएम मोदी वाराणसी में 18 दिसंबर तक रुकेंगे। (PM Modi Varanasi Visit) वायुसेना के विशेष विमान से पीएम मोदी लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पहुंचे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने नमो घाट पर आयोजित काशी तमिल संगमम कार्यक्रम में शामिल हुए व लोगों से संवाद किया। पीएम मोदी रात्रि विश्राम बरेका गेस्ट हाउस में करेंगे। 18 दिसंबर को पूर्वाह्न प्रधानमंत्री मोदी उमरहां स्थित स्वर्वेद मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।
PM Modi Varanasi Visit: सीएम और राज्यपाल ने की आगवानी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए काशी को पूरी तरह से तैयार किया गया। पीएम के पहुंचते समय सड़क के किनारे लोगों का जमा होना शुरू हो गया और एक-एक करके पार्टी कार्यकर्ता एयरपोर्ट पहुंचे। सीएम योगी आदित्यनाथ और यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल पीएम की अगवानी किए। वाराणसी में शिवपुर क्षेत्र गिलट बाजार चौराहे पर प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए भारी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ मौजूद रहे। एयरपोर्ट मेन गेट पर ढोल नगाड़ों के साथ बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी अपने सांसद के स्वागत के लिए मौजूद थी।
ढोल-नगाड़े और पुष्पवर्षा से पीएम का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वायुसेना के विशेष विमान से वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचे। लाल बहादुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मिंट हाउस कटिंग मेमोरियल के बीच अतुलानंद चौराहे, मिंट हाउस सहित जगह-जगह बनाए गए स्वागत प्वाइंट पर भाजपा कार्यकर्ता और काशी की जनता ने ढोल नगाड़े के साथ पुष्प वर्षा कर पीएम का जोरदार स्वागत किया।
पीएम मोदी के काफिले ने एंबुलेंस को दिया पास
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले एयरपोर्ट रोड से मंगारी की तरफ जाने वाले रास्ते को सुरक्षा के मद्देनजर सील कर दिया गया था। जगह-जगह पर भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे, वहीं पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में लगे थे। वाराणसी एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री मोदी का काफिला गुजरते समय एक एंबुलेंस उनकी फ्लीट में जा पहुंची। जैसे ही इसकी सूचना प्रधानमंत्री को मिली, उन्होंने अपने सुरक्षा कर्मियों को दिशा-निर्देश देते हुए एंबुलेंस को पास देने के लिए कहा। यह मामला वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र का बताया जा रहा है। सुरक्षा कर्मियों ने भी तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस को फ्लीट के ठीक बगल से ही रास्ता दिया, जिससे एंबुलेंस की गाड़ी आसानी से आगे निकल सकी।
योजना के लाभार्थियों से पीएम मोदी ने की बात
#WATCH | Prime Minister Narendra Modi, Uttar Pradesh CM Yogi Adityanath participate in Viksit Bharat Sankalp Yatra Exhibition at Cutting Memorial Inter College, in Varanasi. pic.twitter.com/l9OH8zDXx1
— ANI (@ANI) December 17, 2023
पीएम नरेंद्र मोदी आयुष्मान भारत के लाभार्थियों से योजना के बारे में फीडबैक लिए। दरअसल, विकसित भारत संकल्प यात्रा में अलग-अलग योजना के स्टॉल लगाए गए हैं, जिसमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री स्वयं निधि, आयुष्मान भारत, पीएम गरीब कल्याण योजना समेत अन्य योजनाओं के लाभार्थियों से पीएम नरेंद्र मोदी बातचीत किए। नरेंद्र मोदी विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रदर्शनी में छात्रों से भी बातचीत की।
पीएम मोदी ने किया काशी तमिल संगमम् का उद्घाटन
पीएम नरेंद्र मोदी ने रिमोर्ट दबाकर काशी तमिल संगमम् का उद्घाटन किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने काशी तमिल संगमम् कार्यक्रम में कहा है कि तमिलनाडु के सारे श्रद्धालु प्रयाराज के बाद अयोध्या जाएंगे, जहां भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर काशी तमिल एक्सप्रेस-वे को भी रवाना किया।
उमरहां स्थित स्वर्वेद मंदिर का करेंगे उद्घाटन
पीएम मोदी 18 दिसंबर को उमरहां स्थित स्वर्वेद मंदिर का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी ने इसी मंदिर की आधारशिला भी रखी थी। वाराणसी मंडल के कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने बताया कि पीएम मोदी अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन काशी सहित देश के अन्य शहरों के लिए बड़ी सौगात देंगे, जिसमें सड़क विस्तार, रेलवे विस्तार, हेल्थ सुविधा को अपडेट करने सहित पुलिस के लिए भी कई योजनाएं हैं। इसके साथ ही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी दिल्ली के लिए रवाना करने वाले हैं, जिसमें पूरा स्टाफ वाराणसी का होगा। यह ट्रेन सेवा वाराणसी वाया प्रयागराज वाया कानपुर वाया दिल्ली जाएगी।

19,150 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
इसके अलावा प्रधानमंत्री करीब 19,150 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री लगभग 10,900 करोड़ की लागत से निर्मित न्यू पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर-न्यू भाऊपुर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर परियोजना का उद्घाटन करेंगे। जिन अन्य रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा उनमें बलिया-गाजीपुर सिटी रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना, इंदारा-दोहरीघाट रेल लाइन आमान परिवर्तन परियोजना सहित अन्य परियोजनाएं शामिल हैं।
READ ALSO: महाराष्ट्र के नागपुर में बड़ा हादसा, सोलर एक्सप्लोसिव कंपनी में भीषण धमाका, 9 की मौत

