रांची : झारखंड की राजधानी रांची में जमीन कारोबारी और पूर्व पार्षद हत्याकांड से जुड़े आरोपी शूटर सत्यम पाठक को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर दिया। बुधवार को सुबह में पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित कांके डैम के पास हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस और आरोपी का आमना-सामना हो गया, जो कुछ ही देर में मुठभेड़ में तब्दील हो गई।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सत्यम पाठक के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
गौरतलब है कि मंगलवार को पंडरा स्थित ओटीसी मैदान के पास जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में इस वारदात में सत्यम पाठक को शूटर और विजय टेटे को मास्टरमाइंड बताया गया है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

