
Jamshedpur : पोटका विधायक संजीव सरदार की पहल पर क्षेत्र में युवाओं और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी दो महत्वपूर्ण पहलें सामने आई हैं। एक ओर उनकी पहल पर लगातार दूसरे दिन विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें दो दिनों में 620 युवाओं का लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस बनाया गया। वहीं दूसरी ओर हल्दीपोखर पश्चिम पंचायत स्थित उर्दू बालिका मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय (10वीं तक) में अपग्रेड करने की पहल पर ग्रामीणों और छात्राओं ने विधायक का भव्य स्वागत कर आभार जताया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अबुआ सरकार ड्राइविंग लाइसेंस योजना के तहत पोटका प्रखंड मुख्यालय में आयोजित विशेष शिविर में पहले दिन भारी भीड़ उमड़ी थी, जिसके कारण सभी आवेदनों का निष्पादन संभव नहीं हो सका। इसे देखते हुए विधायक संजीव सरदार ने उपायुक्त से पुनः शिविर आयोजित करने का आग्रह किया, जिसके बाद दूसरे दिन भी विशेष कैंप लगाया गया। दोनों दिनों में कुल 620 युवाओं का लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस बनाया गया।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि सरकारी सुविधाएं गांव-गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पहली बार प्रखंड स्तर पर इस तरह के ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को सुविधा के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने बताया कि अब 8 अगस्त को कालिकापुर पंचायत में भी विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाया जाएगा, जहां पात्र लोग आवेदन कर इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
विधायक का किया गया स्वागत

हल्दी पोखर में विधायक संजीव सरदार को किया गया सम्मानित
हल्दीपोखर पश्चिम पंचायत स्थित उर्दू बालिका मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय में अपग्रेड करने के प्रस्ताव के बाद विद्यालय परिसर में विधायक संजीव सरदार का भव्य स्वागत किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और छात्राओं ने इस पहल को क्षेत्र की शिक्षा के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए उनका अभिनंदन किया।
पंचायत की मुखिया फरजाना सुल्तान ने कहा कि विद्यालय में उच्च कक्षाओं की व्यवस्था नहीं होने के कारण छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता था। विद्यालय के अपग्रेड होने से अब क्षेत्र की बेटियां अपने ही पंचायत में दसवीं तक की पढ़ाई कर सकेंगी। उन्होंने इस अवसर पर हल्दीपोखर मुख्य सड़क से पंचायत तक सड़क निर्माण तथा टाउन फीडर से विद्युतीकरण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग संबंधी ज्ञापन भी विधायक को सौंपा।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र से विद्यालय में उच्च कक्षाओं की पढ़ाई शुरू कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही सड़क और विद्युतीकरण से जुड़ी लंबित योजनाओं की तकनीकी बाधाओं को दूर कर जल्द कार्य शुरू कराने का आश्वासन भी दिया।
इस दौरान अंचलाधिकारी निकिता बाला, बीडीओ अरुण कुमार मुंडा, थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, परिवहन विभाग के अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. शहाबुद्दीन, पंचायत प्रतिनिधि, झामुमो कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।


