Home » RANCHI NEWS: प्रशासक ने की बैठक, अवैध कॉमर्शियल एक्टिविटी पर लगेगी रोक

RANCHI NEWS: प्रशासक ने की बैठक, अवैध कॉमर्शियल एक्टिविटी पर लगेगी रोक

by Vivek Sharma
प्रशासक ने की बैठक
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi: रांची नगर निगम में मंगलवार को प्रशासक की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें शहर के राजस्व सृजन, अवैध कॉमर्शियल एक्टिविटी पर रोक, बस स्टैंडों और बाजार परिसंपत्तियों के विकास से जुड़े अहम निर्णय लिए गए। बैठक में बाजार शाखा द्वारा राजस्व कलेक्शन से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।

हॉर्डिंग्स व मोनोपोल्स का भौतिक सत्यापन अनिवार्य

समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिया गया कि नगर क्षेत्र में लगे सभी होर्डिंग्स और मोनोपोल्स का भौतिक निरीक्षण, नंबरिंग और डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाए। निरीक्षण रिकार्ड में प्रत्येक साइट का सटीक स्थान, परमिशन साइज, स्वीकृत अवधि, आवंटी या एजेंसी का नाम और बकाया राशि का विवरण अपडेट करे। वहीं अनधिकृत और नियमों के विरुद्ध स्थापित संरचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।

बकायेदारों पर होगी कड़ी कार्रवाई

नगर निगम ने स्पष्ट किया कि विज्ञापन एजेंसियों और बाजार परिसरों के बकायेदारों द्वारा भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। निर्देश दिया गया कि नियत अवधि में भुगतान न होने पर संबंधित एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा और परिसंपत्तियों का पुनः आवंटन किया जाएगा। विशेष रूप से नागाबाबा खटलाल और अटल स्मृति वेंडर मार्केट में लंबित किराया वसूली और किरायेदारी पुनर्मूल्यांकन अभियान शुरू करने की तैयारी है।

आवासीय क्षेत्रों में व्यापार करने वालों को नोटिस

बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि आवासीय क्षेत्रों में बिना अनुमति संचालित कॉमर्शियल एक्टिविटी के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। ऐसे सभी प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर उनका ट्रेड लाइसेंस निरस्त किया जाएगा और प्रतिष्ठान को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

बस स्टैंड व बाजार परिसंपत्तियों को नई गति

नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर के बस स्टैंडों और बाजार परिसंपत्तियों के आधुनिकीकरण, सौंदर्यीकरण व यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। इसके लिए संबंधित एजेंसियों और तकनीकी संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत डीपीआर व प्रेजेंटेशन तैयार किए जाएंगे। निर्माण कार्यों के व्यय अनुमान और बेस प्राइस तय करने के लिए एक विशेष समिति गठित करने पर सहमति बनी, ताकि भविष्य की निविदा प्रक्रिया और संपत्ति बंदोबस्ती पारदर्शी ढंग से संचालित हो सके।

डिजिटल रिकार्ड रखने पर जोर

नगर निगम ने अपने स्वामित्व वाली सभी राजस्व सृजन करने वाली परिसंपत्तियों जैसे होर्डिंग साइट्स, बाजार परिसरों की दुकानें, बस स्टैंड परिसर, पार्किंग स्थल और वाणिज्यिक इकाइयों का व्यवस्थित नंबरिंग और डिजिटल रिकार्ड करने का निर्णय लिया। इससे परिसंपत्ति प्रबंधन और राजस्व निगरानी अधिक प्रभावी होगी।

Related Articles