रांची : राजधानी रांची बीआईटी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात डकैतों ने दो पेट्रोल पंपों को निशाना बनाया। कर्मचारियों को बंधक बना कर कैश काउंटर से दो लाख रुपये से अधिक की रकम लूट ली।
करीब छह डकैत बाइक और कार से मौके पर पहुंचे थे। सबसे पहले उन्होंने ड्रीम प्वाइंट पेट्रोल पंप पर धावा बोला। यहां अपराधियों ने हथियार के बल पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया और कैश काउंटर से दो लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस जांच में जुट गई है।
इसके बाद डकैतों ने पास के एक अन्य पेट्रोल पंप को भी निशाना बनाया। हालांकि वहां से उन्हें करीब दो हजार रुपये ही मिल सके। दोनों घटनाओं के बाद आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया घटना की सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि देर रात हुई इस डकैती को गंभीरता से लिया गया है और पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज जब्त कर पुलिस कार्रवाई में जुटी
पुलिस ने पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है और उसके आधार पर डकैतों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि डकैत पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि स्थानीय इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

