RANCHI: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को रांची में ‘जल महोत्सव पखवाड़ा’ की शुरुआत की गई। नामकुम स्थित हॉकी स्टेडियम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में रांची के उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने दीप प्रज्वलित कर पखवाड़ा का औपचारिक शुभारंभ किया। यह अभियान 8 मार्च से 22 मार्च तक जिले भर में विभिन्न जागरूकता और सहभागिता कार्यक्रमों के माध्यम से चलाया जाएगा।
जल संरक्षण के लिए महिलाओं का चयन
उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि पखवाड़े के दौरान जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और जल प्रबंधन को लेकर कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने दोनों प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों से ऐसी पांच-पांच महिलाओं का चयन करें, जिन्होंने जल संरक्षण और जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया हो। चयनित महिलाओं को 22 मार्च को जिला और राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों से आईं मुखिया और जलसहिया दीदियों ने अपने गांवों में जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों और अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि किस तरह गांवों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास किए जा रहे हैं।
सहिया दीदी को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए एक मुखिया और चार जलसहिया दीदियों को उपविकास आयुक्त द्वारा शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अन्य जलसहिया दीदियों को भी उनके बेहतर कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जल संरक्षण के महत्व और महिलाओं की भागीदारी को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

